Top Newsदेशराज्य

पिता की हत्या करने वाला आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

फिरोजाबाद । उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद क्षेत्र में पुलिस ने अपने ही पिता की हत्या के आरोपी बेटे को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पैर में गोली लगने के बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी जर्मन सिंह पुत्र सुघर सिंह, निवासी बढ़ाईपुरा थाना नसीरपुर, की तलाश पिछले कई दिनों से की जा रही थी। बुधवार रात मुखबिर से सूचना मिली की आरोपी नगला जवाहर नहर की पुलिया के पास मौजूद है। सूचना मिलने पर पुलिस ने इलाके को घेरकर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने पुलिस पर गोली चलाकर भागने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी गोली चलाई, जिसमें एक गोली आरोपी के पैर में जा लगी। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
मौके से पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक ज़िंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा हत्या में इस्तेमाल किया गया लोहे का सब्बल बरामद किया है। इस पूरी कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार के नेतृत्व में शिकोहाबाद पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी ने बताया कि नगला जवाहर पुलिया के पास घेराबंदी की गई। जब संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया गया, तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया और मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि किस कारण से उसने अपने पिता की हत्या की थी। आरोपी के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि 19 अप्रैल की देर रात को नगला सुंदर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई थी, जिसमें 80 वर्षीय बुजुर्ग सुघर सिंह की उनके खेत पर बने मकान के बाहर चारपाई पर सोते समय सिर पर भारी वस्तु से वार कर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद मृतक के बड़े बेटे ने छोटे भाई जर्मन सिंह पर जमीन विवाद के चलते हत्या करने का आरोप लगाया था। शिकायत के आधार पर थाना शिकोहाबाद में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई थी।

---------------------------------------------------------------------------------------------------