Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में पोषण पखवाड़ा के अंतर्गत हुआ कार्यक्रम का आयोजन

बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में दिनांक 22 अप्रैल को राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की ओर से पोषण पखवाड़ा (8वां संस्करण) के अंतर्गत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के तौर पर आहार एवं पोषण विभाग की प्रो. सुनीता मिश्रा उपस्थित रही। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. तरूणा मौजूद रही। सर्वप्रथम डॉ. तरूणा ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों का स्वागत किया एवं सभी को कार्यक्रम के उद्देश्य एवं रुपरेखा से अवगत कराया।
प्रो. सुनीता मिश्रा ने अपने संबोधन में न्यूट्रास्यूटिकल्स एवं फंक्शनल फूड्स की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि ये ऐसे खाद्य पदार्थ होते हैं जो न केवल पोषण प्रदान करते हैं, बल्कि औषधीय गुणों से युक्त होकर स्वास्थ्य के संवर्धन तथा रोगों की रोकथाम एवं उपचार में भी सहायक होते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आधुनिक जीवनशैली में इनका महत्व लगातार बढ़ रहा है, क्योंकि ये शरीर को आवश्यक पोषक तत्वों की पूर्ति के साथ-साथ विभिन्न बीमारियों से बचाने में मदद करते हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने पोषक तत्वों (न्यूट्रिएंट्स), हर्बल सप्लीमेंट्स तथा प्रमुख पोषक तत्वों के चिकित्सीय उपयोग एवं उनकी उचित मात्रा (डोज़) के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। इसके अतिरिक्त प्रो. सुनीता मिश्रा ने संतुलित एवं स्वस्थ आहार के महत्व को रेखांकित करते हुए बताया कि सही खानपान ही बेहतर स्वास्थ्य की आधारशिला है। साथ ही उन्होंने ग्लूकोज़, सुक्रोज़, फ्रक्टोज़, कोएंजाइम तथा विभिन्न हर्बल तत्वों की उपयोगिता पर भी प्रकाश डालते हुए बताया कि ये सभी तत्व शरीर की ऊर्जा, चयापचय क्रियाओं तथा समग्र स्वास्थ्य को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षक, गैर शिक्षण कर्मचारी, शोधार्थी, राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के स्वयंसेवक एवं अन्य विद्यार्थी मौजूद रहे।

---------------------------------------------------------------------------------------------------