Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

बीबीएयू का 11वां दीक्षांत समारोह 29 अगस्त को, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह देंगे विद्यार्थियों को उपाधियां और स्वर्ण पदक

लखनऊ: बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय का 11वां दीक्षांत समारोह 29 अगस्त 2026 को विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित किया जाएगा। समारोह में देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और विद्यार्थियों को उपाधियां एवं स्वर्ण पदक प्रदान करेंगे। विश्वविद्यालय के लिए यह समारोह शिक्षा, उपलब्धि और उत्कृष्टता के उत्सव के साथ एक गौरवपूर्ण अवसर होगा।

यह दीक्षांत समारोह वर्ष 2023, 2024, 2025 और 2026 में उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया जा रहा है। स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी के चार वर्षों में उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की संख्या करीब 8,300 है। इनमें से अब तक करीब 4,100 विद्यार्थियों ने दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए पंजीकरण कराया है।

16 अगस्त तक खुला रहेगा पंजीकरण पोर्टल

दीक्षांत समारोह में शामिल होने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए विश्वविद्यालय का ऑनलाइन पंजीकरण पोर्टल 16 अगस्त तक खुला रहेगा। विद्यार्थी निर्धारित तिथि तक अपना पंजीकरण करा सकते हैं। विश्वविद्यालय के मुताबिक पंजीकरण की संख्या बढ़ने के साथ समारोह में शामिल होने वाले विद्यार्थियों की संख्या में भी इजाफा हो सकता है।

390 शोधार्थियों को मिलेगी पीएचडी की उपाधि

दीक्षांत समारोह में करीब 390 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की जाएगी। वहीं, बहु-निकास योजना के तहत करीब 220 विद्यार्थियों को डिग्री दी जाएगी। इसके अलावा लगभग 450 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा।

समारोह में चार विद्यार्थियों को आर.डी. सोनकर अवार्ड भी प्रदान किया जाएगा। विश्वविद्यालय के मुताबिक ये सम्मान विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का प्रतीक होंगे और अन्य विद्यार्थियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेंगे।

कुलपति बोले- दीक्षांत समारोह विद्यार्थी जीवन का यादगार पड़ाव

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने कहा कि दीक्षांत समारोह किसी भी विद्यार्थी के शैक्षणिक जीवन का महत्वपूर्ण और यादगार पड़ाव होता है। यह केवल उपाधि हासिल करने का अवसर नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को निभाने का संकल्प लेने का भी समय है।

उन्होंने कहा कि बीबीएयू के विद्यार्थी ज्ञान, नवाचार, नैतिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ उन्हें सक्षम और संवेदनशील नागरिक बनाना है, ताकि वे वैश्विक स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर देश के विकास में सक्रिय योगदान दे सकें।

कुलपति ने उपाधि और पदक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि में माता-पिता, शिक्षकों और विश्वविद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

दीक्षांत समारोह को लेकर तैयारियां तेज

विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. विक्रम सिंह यादव ने बताया कि दीक्षांत समारोह के सफल आयोजन के लिए तैयारियां जारी हैं। समारोह को भव्य, सुव्यवस्थित और गरिमामय बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है।

सुरक्षा व्यवस्था, अतिथि सत्कार, विद्यार्थियों के पंजीकरण, मंच संचालन, परिवहन और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं, ताकि 29 अगस्त को दीक्षांत समारोह को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------