Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

जिलाधिकारी ने आगामी जनगणना के दृष्टिगत स्व गणना के प्रचार-प्रसार के संबंध में की बैठक

बरेली, 05 मई। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में आगामी जनगणना के दृष्टिगत स्व गणना के प्रचार-प्रसार के संबंध में अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित हुई।

बैठक में अवगत कराया गया कि उत्तर प्रदेश राज्य के लिए स्व गणना चरण 07 मई से 21 मई 2026 तक निर्धारित है, भारत के सामान्य निवासी जनगणना अधिकारी के घर पर आने से पहले https://se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर स्व गणना कर सकते हैं। स्वगणना से कई लाभ मिलते हैं, जिसमें तेजी से डेटा संग्रह, स्व रिपोर्टिंग के कारण बेहतर सटीकता, क्षेत्र में गणना के दौरान त्रुटियों और कमियों में कमी और पोर्टल तक कभी भी पहुंच के माध्यम से नागरिकों की सुविधा शामिल है।

बैठक में जिलाधिकारी में कहा कि सभी विभागाध्यक्ष अपने विभाग के अंतर्गत सभी कार्मिकों से स्व गणना करवाना सुनिश्चित करें। आम जनमानस को अधिक से अधिक स्व गणना हेतु प्रोत्साहित करने और स्व गणना का ज्यादा से ज्यादा प्रचार-प्रसार करवाया जाए।

बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी उपजिलाधिकारी एक कार्य योजना बनाकर  कार्य करें और सभी लेखपालों व ग्राम सचिवों की ट्रेनिंग करवा के उनको ज्यादा से ज्यादा लोगों का स्व गणना हेतु प्रोत्साहित करने,इसके साथ ही उन्होंने कहा कि स्व गणना में नगर निगम भी आगे आकर लोगों का स्व गणना करवाएं। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्व गणना में गंभीरतापूर्वक कार्य किया जाए।

बैठक में जिलाधिकारी में बीएसए और जिला विद्यालय निरीक्षक को ज्यादा से ज्यादा अध्यापकों का स्व गणना करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तहसील मुख्यालयों और ब्लॉकों पर स्व गणना हेतु जन जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम करवाए जाएं और गांवों में संगठित होकर कार्य किया जाए।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए गए कि आशा संगिनी को भी इसमें जोड़ा जाए और आईएमए के डॉक्टरों के साथ मीटिंग कर स्व गणना हेतु प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने कहा कि युवाओं को स्व गणना में अच्छे से सहभागिता सुनिश्चित किया जाए और उच्च शिक्षा संस्थानों में भी स्व गणना हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर जोड़ा जाए। उन्होेंने कहा कि पंचायत भवनों को सामाजिक संचार केंद्रों  के रूप में संचालित किया जाए, ग्राम पदाधिकारियों के माध्यम से स्व गणना हेतु जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त शशिभूषण, नगर मजिस्ट्रेट, सभी उपजिलाधिकारी सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहें।

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------