गन्ना किसानों के भुगतान में देरी पर डीएम सख्त, कुन्दरखी चीनी मिल को समय से शत-प्रतिशत भुगतान के निर्देश

गोण्डा: कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में गन्ना मूल्य भुगतान और किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जनपद की सभी चीनी मिलों के यूनिट हेड और संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ मिलवार गन्ना मूल्य भुगतान की स्थिति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने किसानों को समय से शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कुन्दरखी चीनी मिल को लापरवाही पर सख्त चेतावनी
जिलाधिकारी ने कुन्दरखी चीनी मिल के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी गन्ना किसानों को उनके गन्ने का मूल्य निर्धारित समयसीमा के भीतर शत-प्रतिशत उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि भुगतान में किसी भी तरह की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों से यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि भुगतान के लिए किसानों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। लंबित भुगतान की नियमित समीक्षा करते हुए प्राथमिकता के आधार पर उसका निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए।
किसानों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी चीनी मिलों के यूनिट हेड को किसानों की समस्याओं का प्रभावी और समयबद्ध तरीके से समाधान कराने को कहा। उन्होंने कहा कि गन्ना किसान कृषि अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी आय बढ़ाने और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए गंभीरता से काम किया जाना चाहिए।
उन्होंने किसानों की आय में वृद्धि के लिए नए और प्रभावी उपायों पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
-------------------------------------------------------------------------------------------
गन्ना ढुलाई में ट्राला के इस्तेमाल पर रोक
बैठक में गन्ना परिवहन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि गन्ना ढुलाई के लिए ट्राला का प्रयोग न किया जाए। इसके अलावा गन्ना ले जाने वाले सभी वाहनों के पीछे रिफ्लेक्टर लगाना अनिवार्य किया जाए।
उन्होंने कहा कि रात के समय रिफ्लेक्टर लगे होने से वाहन दूर से दिखाई देंगे और सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम करने में मदद मिलेगी। मिल प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए।
किसानों का भुगतान और सड़क सुरक्षा प्राथमिकता
जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों को समय से गन्ना मूल्य का भुगतान, उनकी समस्याओं का समाधान और गन्ना परिवहन के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करना सभी संबंधित अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने इन सभी बिंदुओं पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी और जनपद की सभी चीनी मिलों के यूनिट हेड मौजूद रहे।

