परसपुर की शिक्षा व्यवस्था सुधारेंगी नई बीईओ नूतन जायसवाल, नियमित उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई पर रहेगा जोर

गोण्डा: बेलसर की खंड शिक्षाधिकारी नूतन जायसवाल ने मंगलवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र परसपुर पहुंचकर खंड शिक्षाधिकारी का पदभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने पर शिक्षकों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया। यह पद तत्कालीन खंड शिक्षाधिकारी चंद्रभूषण पांडेय के वरिष्ठ डायट प्रवक्ता पद पर पदोन्नति के बाद गैर जनपद स्थानांतरण से रिक्त हुआ था।

अतिरिक्त प्रभार के बाद नूतन जायसवाल को मिली जिम्मेदारी
खंड शिक्षाधिकारी का पद रिक्त होने के बाद हलधरमऊ की खंड शिक्षाधिकारी सीमा पांडेय को परसपुर का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था। बाद में सीमा पांडेय को कटरा ब्लॉक का प्रभार मिलने के बाद बेलसर की बीईओ नूतन जायसवाल को परसपुर का खंड शिक्षाधिकारी नियुक्त किया गया।
शिक्षण व्यवस्था में सुधार होगी पहली प्राथमिकता

कार्यभार ग्रहण करने के बाद नूतन जायसवाल ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा कि परसपुर क्षेत्र में बेसिक शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाना उनकी मुख्य प्राथमिकता होगी। विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था को मजबूत करने के साथ छात्र-छात्राओं की नियमित उपस्थिति और शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
शिक्षकों से टीम भावना के साथ काम करने की अपील
बीईओ ने शिक्षकों से टीम भावना के साथ कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शासन की ओर से संचालित योजनाओं का लाभ विद्यार्थियों तक प्रभावी तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाएगा। शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सभी शिक्षकों और कर्मचारियों के सहयोग को महत्वपूर्ण बताया गया।
