Thursday, June 4, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

एमजेपी रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय में प्रवेशार्थियों की सहायता हेतु विशेष प्रवेश हेल्प डेस्क की स्थापना

बरेली,04 जून। माननीय कुलपति प्रो. के. पी. सिंह के निर्देशों के अनुपालन में महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली द्वारा आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 में विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों की सुविधा के लिए एक विशेष प्रवेश सहायता हेल्प डेस्क (Special Admission Help Desk) स्थापित की गई है।

विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण (DSW) प्रो. विनय ऋषिवाल ने इस उद्देश्य के लिए एक समर्पित टीम का गठन किया है, जो विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागाध्यक्षों तथा नामित शिक्षकों एवं कर्मचारियों के सहयोग से कार्य करेगी। यह हेल्प डेस्क विश्वविद्यालय परिसर में आने वाले विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं अन्य आगंतुकों को प्रवेश प्रक्रिया, पाठ्यक्रमों, पात्रता, शुल्क संरचना, प्रवेश तिथियों, विभागीय सुविधाओं तथा अन्य शैक्षणिक जानकारियों से संबंधित मार्गदर्शन प्रदान करेगी।

प्रो. विनय ऋषिवाल ने बताया कि अनेक छात्र एवं अभिभावक प्रवेश प्रक्रिया के दौरान विभिन्न प्रकार की जानकारियों के लिए विश्वविद्यालय आते हैं। ऐसे में उन्हें एक ही स्थान पर समुचित एवं प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे प्रवेश प्रक्रिया अधिक सुगम, पारदर्शी एवं छात्रहितैषी बन सके।

यह विशेष प्रवेश हेल्प डेस्क दिनांक 05 जून 2026 से प्रारंभ होकर आगामी दो सप्ताह तक प्रतिदिन प्रातः 10:30 बजे से सायं 5:30 बजे तक विश्वविद्यालय छात्र सहायता केन्द्र (USSC) में संचालित की जाएगी। हेल्प डेस्क पर विभिन्न विभागों के नामित शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहकर अभ्यर्थियों को उनकी आवश्यकताओं के अनुसार मार्गदर्शन प्रदान करेंगे तथा उन्हें संबंधित विभागों तक पहुँचाने में सहायता करेंगे।

माननीय कुलपति प्रो. के. पी. सिंह ने इस पहल को छात्र एवं अभिभावक हित में महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि विश्वविद्यालय का प्रयास है कि प्रत्येक अभ्यर्थी को प्रवेश से संबंधित सभी आवश्यक जानकारियाँ सरलता एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध हों। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों एवं संबंधित अधिकारियों से इस अभियान को सफल बनाने हेतु पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आह्वान किया है।

आशा है कि यह पहल प्रवेशार्थियों एवं उनके अभिभावकों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी तथा उन्हें विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश संबंधी निर्णय लेने में सहायता प्रदान करेगी।

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------