गोंडा में गोरखपुर जोन की 51वीं अंतरजनपदीय जूडो क्लस्टर प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, 10 जिलों के खिलाड़ी कर रहे हैं प्रतिभाग

गोंडा: रिजर्व पुलिस लाइन गोंडा स्थित अमर शहीद राजेंद्र नाथ लाहिड़ी बहुउद्देशीय हॉल में गोरखपुर जोन की 51वीं अंतरजनपदीय जूडो क्लस्टर प्रतियोगिता (जूडो, वुशु, ताइक्वांडो, कराटे एवं पेंचक सिलाट) का वर्ष 2026 के लिए भव्य शुभारंभ किया गया। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता का उद्देश्य पुलिस विभाग में खेल भावना, शारीरिक दक्षता, अनुशासन और टीम वर्क को बढ़ावा देना है।

मुख्य अतिथि ने किया प्रतियोगिता का शुभारंभ
कार्यक्रम के दौरान प्रतियोगिता के नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अजीत कुमार रजक ने मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक गोंडा विनीत जायसवाल का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर गोरखपुर जोन के गोंडा, बलरामपुर, बहराइच, गोरखपुर, महराजगंज, देवरिया, सिद्धार्थनगर, बस्ती, कुशीनगर और संतकबीरनगर सहित कुल 10 जनपदों की टीमों के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों का स्वागत किया गया।
खेल भावना और अनुशासन पर जोर
पुलिस अधीक्षक ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का माध्यम नहीं हैं, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने और अपने-अपने जनपद का नाम रोशन करने की अपील की।
जूडो मुकाबलों में खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन
प्रतियोगिता के पहले दिन पुरुष वर्ग के विभिन्न भार वर्गों में 9 मुकाबले आयोजित किए गए। इसमें 60, 73, 81, 90, 100 और 100 प्लस किलोग्राम वर्ग शामिल रहे। इन मुकाबलों में खिलाड़ियों ने तकनीकी कौशल और शानदार प्रदर्शन का परिचय दिया।

पुरुष वर्ग में गोंडा के रजनीश शुक्ला, आयुष यादव, शैलेष मौर्य और जगदीश यादव ने अपने-अपने भार वर्गों में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं सिद्धार्थनगर के राजाराम यादव, बहराइच के राजा प्रताप और कुशीनगर के इन्द्रेश यादव ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर शीर्ष स्थान प्राप्त किया।
महिला वर्ग में भी दिखा जोरदार मुकाबला
महिला वर्ग में 48, 52, 57, 63, 70 और 78 किलोग्राम भार वर्ग में मुकाबले हुए। इसमें गोंडा की सिम्पल मौर्या, उपासना देवी, रचना और अनीता चौरासिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं बलरामपुर की सुधा और संतकबीरनगर की नरीना सिंह ने भी अपने-अपने वर्गों में शानदार प्रदर्शन किया।
तीन दिन तक चलेगी प्रतियोगिता
इस तीन दिवसीय आयोजन में आने वाले दिनों में अन्य खेल विधाओं के मुकाबले भी आयोजित किए जाएंगे। आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था की जिम्मेदारी पुलिस विभाग द्वारा संभाली जा रही है, जबकि रेफरी और संचालन टीम ने प्रतियोगिता को सुचारू रूप से संचालित किया।
