लाइफस्टाइल

Health Tips: बारिश में आंखों को न करें नजरअंदाज, संक्रमण से बचने के लिए अपनाएं ये आसान उपाय, रहेगा पूरा बचाव

नई दिल्ली: मानसून का मौसम जहां गर्मी से राहत देता है, वहीं बढ़ी हुई नमी के कारण संक्रमण का खतरा भी कई गुना बढ़ जाता है। इस दौरान आंखों में संक्रमण के मामले तेजी से सामने आते हैं। आंखें शरीर का बेहद संवेदनशील अंग हैं और थोड़ी-सी लापरवाही भी जलन, लालपन, खुजली, सूजन और अन्य समस्याओं का कारण बन सकती है। ऐसे में विशेषज्ञ बारिश के मौसम में आंखों की विशेष देखभाल करने की सलाह देते हैं।

आंखों की साफ-सफाई का रखें विशेष ध्यान

बरसात के मौसम में वातावरण में नमी और धूल के महीन कण अधिक सक्रिय रहते हैं। ऐसे में सुबह और शाम साफ पानी से आंखों को धोना लाभदायक माना जाता है। मुंह में पानी भरकर आंखों को धोने से आंखों पर जमी धूल और गंदगी को हटाने में मदद मिल सकती है।

पर्याप्त नींद भी है जरूरी

आंखों को स्वस्थ रखने के लिए भरपूर नींद लेना बेहद आवश्यक है। लगातार काम करने से आंखों पर दबाव बढ़ता है और थकान महसूस होती है। पर्याप्त आराम मिलने से आंखों को राहत मिलती है और संक्रमण का खतरा भी कम हो सकता है।

धूल, धुएं और तेज हवा से करें बचाव

बारिश के मौसम में हवा में मौजूद धूल और प्रदूषक तत्व आंखों में संक्रमण का कारण बन सकते हैं। घर से बाहर निकलते समय धूप का चश्मा या सुरक्षात्मक चश्मा पहनना आंखों की सुरक्षा के लिए बेहतर विकल्प हो सकता है। साथ ही धुएं और तेज ठंडी हवा से भी आंखों को बचाकर रखना चाहिए।

मोबाइल और कंप्यूटर से बीच-बीच में लें ब्रेक

लंबे समय तक मोबाइल, लैपटॉप या कंप्यूटर स्क्रीन देखने से आंखों पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। इसलिए लगातार काम करने के बजाय कुछ अंतराल पर ब्रेक लें और आंखों को आराम दें। इससे आंखों की थकान कम करने में मदद मिल सकती है।

कॉस्मेटिक उत्पादों का साझा इस्तेमाल न करें

मानसून में आंखों का संक्रमण तेजी से फैल सकता है। ऐसे में आई मेकअप या अन्य सौंदर्य प्रसाधनों का साझा इस्तेमाल करने से बचना चाहिए। जितना संभव हो, इस मौसम में आंखों के आसपास कॉस्मेटिक उत्पादों का सीमित उपयोग करें ताकि संक्रमण की आशंका कम रहे।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------