उत्तर प्रदेशराज्य

UP Weather Alert: यूपी में आज भारी से बेहद भारी बारिश का खतरा, ऑरेंज अलर्ट जारी; कई जिलों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने शनिवार, 11 जुलाई के लिए प्रदेश के अनेक जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, राज्य के मध्य हिस्सों में बने ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण और उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश में सक्रिय कम दबाव के क्षेत्र के कारण दक्षिण-पश्चिम मानसून मजबूत स्थिति में बना हुआ है। हालांकि 11 जुलाई के बाद बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है, लेकिन पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी वर्षा जारी रह सकती है।

इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, बाराबंकी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है।

इन शहरों के लिए भी जारी हुई चेतावनी

कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, शामली, बागपत, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, औरैया, अमरोहा, संभल, बदायूं और जालौन में भी भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

मेरठ के मवाना में सबसे ज्यादा 315 मिमी बारिश

-------------------------------------------------------------------------------------------

शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे तक बीते 24 घंटों में मेरठ जिले के मवाना में प्रदेश की सबसे अधिक 315 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके बाद मुजफ्फरनगर के जानसठ में 270.1 मिमी, मुजफ्फरनगर शहर में 213.3 मिमी और खतौली में 212.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा मेरठ शहर में 181.3 मिमी, हापुड़ और मिर्जापुर के चुनार में 160-160 मिमी, मेरठ के सरधना में 116 मिमी, मेरठ तहसील में 109 मिमी, चंदौली में 103.5 मिमी और मिर्जापुर में 100.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

अगले 48 घंटे में तापमान भी गिरेगा

मौसम विभाग के अनुसार लगातार बादल छाए रहने और व्यापक स्तर पर बारिश होने से अगले 48 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। वहीं नजीबाबाद, बांदा, बलरामपुर, बस्ती, नकुड़, चांदपुर, औरैया, कानपुर आईएएफ, बुढ़ाना, देवबंद, अतर्रा, सहारनपुर, जौनपुर, बबेरू और लंभुआ सहित कई इलाकों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------