बिना जिम जाए कम करना चाहते हैं जिद्दी चर्बी? डाइट में शामिल करें ये खास फल, रिसर्च में सामने आए चौंकाने वाले नतीजे
नई दिल्ली: शरीर में जमा जिद्दी चर्बी यानी स्टबर्न फैट कम करना आसान नहीं माना जाता। कई लोग हेल्दी डाइट, भारी वर्कआउट और सख्त रूटीन अपनाने के बाद भी पेट, कमर और शरीर के अन्य हिस्सों पर जमा फैट से परेशान रहते हैं। खासतौर पर ऐसा फैट, जो लंबे समय तक शरीर में जमा रहता है, उसे कम करना काफी मुश्किल माना जाता है।
हालांकि हाल ही में सामने आई एक रिसर्च में दावा किया गया है कि एक खास फल का सेवन फैट बर्न करने में मददगार साबित हो सकता है। खास बात यह है कि इसके लिए घंटों जिम में पसीना बहाने की जरूरत भी नहीं पड़ सकती।

रिसर्च में क्या सामने आया?
यह रिसर्च चिचेस्टर यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों द्वारा की गई, जिसमें रोजाना करीब 30 मिनट तेज चलने वाली महिलाओं को शामिल किया गया था। रिसर्च के दौरान महिलाओं को सात दिनों तक 600 मिलीग्राम न्यूजीलैंड ब्लैककरंट अर्क दिया गया।
ब्लैककरंट को सुपरफूड माना जाता है क्योंकि इसमें एंथोसायनिन नामक तत्व की मात्रा अधिक पाई जाती है। एंथोसायनिन एक प्रकार का पॉलीफेनोल होता है, जो फलों और सब्जियों को उनका रंग देने के साथ शरीर पर कई सकारात्मक प्रभाव डालने के लिए जाना जाता है।
वैज्ञानिकों के मुताबिक ब्लैककरंट में मौजूद तत्व ब्लड फ्लो बढ़ाने और फैट बर्निंग प्रक्रिया को बेहतर बनाने में मदद कर सकते हैं।
25 प्रतिशत तक बढ़ा फैट बर्निंग असर
रिसर्च में पाया गया कि ब्लैककरंट सप्लीमेंट लेने वाली महिलाओं में फैट बर्निंग की क्षमता में करीब 25 प्रतिशत तक सुधार देखा गया। वहीं कुछ महिलाओं में यह असर और ज्यादा बेहतर पाया गया, जहां शरीर ने लगभग 66 प्रतिशत अधिक फैट बर्न किया।
शोधकर्ताओं के अनुसार जिन महिलाओं के पैरों में ज्यादा फैट जमा था, उनमें बेहतर परिणाम देखने को मिले।
क्या होता है ब्लैककरंट?

ब्लैककरंट एक प्रकार का सूखा और बिना बीज वाला काला फल माना जाता है। इसका स्वाद हल्का मीठा और तीखा होता है। न्यूट्रिशन के लिहाज से इसे काफी फायदेमंद माना जाता है।
विशेषज्ञों के अनुसार ब्लैककरंट में मौजूद पोषक तत्व इम्यूनिटी बढ़ाने, त्वचा को स्वस्थ रखने और आंखों की सेहत को बेहतर बनाए रखने में भी मददगार माने जाते हैं।
जिम नहीं, रोजाना 30 मिनट वॉक भी हो सकती है फायदेमंद
चिचेस्टर यूनिवर्सिटी में एक्सरसाइज फिजियोलॉजी के प्रोफेसर मार्क विलियम्स के अनुसार अगर संतुलित डाइट और नियमित शारीरिक गतिविधि के साथ ब्लैककरंट को शामिल किया जाए तो यह वजन नियंत्रण में मदद कर सकता है।
रिसर्च में यह भी सामने आया कि रोजाना सिर्फ 30 मिनट की तेज चाल से वॉक करने पर भी अच्छे परिणाम मिल सकते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर वॉक के लिए समय नहीं मिल पाता तो घर के काम या बागवानी जैसी एक्टिविटी भी शरीर को एक्टिव रखने में मदद कर सकती हैं।
सिर्फ फल नहीं, संतुलित लाइफस्टाइल भी जरूरी
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि किसी एक चीज से तुरंत वजन कम नहीं किया जा सकता। सही खानपान, नियमित एक्सरसाइज, पर्याप्त नींद और एक्टिव लाइफस्टाइल वजन नियंत्रण में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में ब्लैककरंट जैसे पोषक तत्वों से भरपूर फलों को संतुलित डाइट का हिस्सा बनाकर फिटनेस को बेहतर किया जा सकता है।
