Top Newsउत्तर प्रदेश

गोण्डा में परिवहन विभाग और पुलिस का संयुक्त अभियान, यातायात नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई

गोण्डा: सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को गोण्डा में परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन द्वारा संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के तहत करनैलगंज चौराहा और बरगदी मोड़ चौराहा पर वाहनों की सघन जांच की गई और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

संयुक्त अभियान परिवहन विभाग के अधिकारियों और पुलिस क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज के नेतृत्व में चलाया गया। इस दौरान बिना वैध परमिट संचालित वाहनों, ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर विशेष नजर रखी गई।

जांच के दौरान वाहनों के परमिट, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र, ड्राइविंग लाइसेंस समेत अन्य जरूरी दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। कई वाहन बिना वैध परमिट के संचालित पाए गए, जिनके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान और अन्य विधिक कार्रवाई की गई।

वाहन चालकों को किया गया जागरूक

अभियान के दौरान अधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक भी किया। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की सलाह दी गई।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

परिवहन विभाग ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वाहन संबंधी सभी दस्तावेज समय-समय पर अपडेट रखें और यातायात नियमों का पालन करते हुए जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं।

विभाग की ओर से यह भी कहा गया कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए ऐसे संयुक्त अभियान आगे भी लगातार चलाए जाते रहेंगे।

यातायात नियमों के प्रति बढ़ी जागरूकता

एआरटीओ (प्रशासन) आर.सी. भारतीय ने बताया कि जिला प्रशासन और परिवहन विभाग की संयुक्त कार्रवाई से क्षेत्र में यातायात नियमों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ी है। साथ ही वाहन चालकों के बीच नियमों का पालन करने को लेकर सकारात्मक संदेश गया है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------