Wednesday, June 24, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेश

स्वास्थ्य विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल! वर्षों से एक ही जगह जमे 53 कर्मचारी हटाए गए, व्यवस्था सुधारने की कवायद तेज

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य विभाग में बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) और अपर निदेशक कार्यालयों में लंबे समय से तैनात 53 प्रशासनिक अधिकारियों, प्रधान सहायकों और वरिष्ठ सहायकों का तबादला कर दिया है। सरकार ने इस कार्रवाई को जनहित में लिया गया निर्णय बताया है।

स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के अनुसार, जिन कर्मचारियों का तबादला किया गया है, वे वर्षों से एक ही कार्यालय में कार्यरत थे। लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनाती को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे, जिसके बाद विभाग ने व्यापक स्तर पर तबादला प्रक्रिया को अमल में लाया।

कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाने की कोशिश

बताया जा रहा है कि मुख्य चिकित्सा अधिकारियों और अपर निदेशकों के कार्यालयों में तैनात कुछ कर्मचारियों पर मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट तैयार करने, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों के मेडिकल बिलों के निस्तारण तथा अन्य प्रशासनिक कार्यों में अनावश्यक देरी और हीलाहवाली के आरोप लगते रहे थे। ऐसे में सरकार ने व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया है।

जनहित में जारी किया गया तबादला आदेश

स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह तबादले जनहित को ध्यान में रखते हुए किए गए हैं। विभाग का मानना है कि अधिकारियों और कर्मचारियों के स्थानांतरण से कार्यप्रणाली में सुधार आएगा और आम लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े प्रशासनिक कार्यों में बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

विशेष सचिव ने जारी किए आदेश

इस संबंध में विशेष सचिव स्वास्थ्य करुणेश कुमार सिंह की ओर से तबादला आदेश जारी किया गया है। स्वास्थ्य विभाग के भीतर इस फैसले को प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार और कार्यकुशलता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------