Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में जनपद न्यायालय में प्रशासनिक अधिकारियों की हुई बैठक

बरेली,02मई । राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली द्वारा 09 मई 2026 दिन शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जनपद न्यायालय एवं समस्त बाह्य न्यायालयों में किया जा रहा है, जिसके संबंध में माननीय जनपद न्यायाधीश श्री प्रदीप कुमार सिंह-द्वितीय, अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बरेली के दिशा-निर्देशन में जनपद न्यायालय सभागार, बरेली में प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक का संचालन अपर जनपद न्यायाधीश श्री उमा शंकर कहार नोडल अधिकारी, राष्ट्रीय लोक अदालत, बरेली द्वारा किया गया। नोडल अधिकारी द्वारा प्रशासन के अधिकारियों को लोक अदालत को सफल बनाने व अधिक से अधिक वादों के निस्तारण करने हेतु दिशा निर्देश दिए गये तथा सभी विभागों से ज्यादा से ज्यादा वादों के सफल निस्तारण कराने पर जोर दिया।
अपर सिविल जज (सी.डि.) श्रीमती जया प्रियदर्शिनी, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बरेली द्वारा सभी विभागों से आये अधिकारियों से लोक अदालत में लगाए वादों की जानकारी एकत्र करी, साथ ही जिन नोटिस का तामीला पुलिस प्रशासन द्वारा अथवा स्वयं के माध्यम से किया जा सकता है, उन मामलों का तामीला कराकर, निस्तारण कराये जाने हेतु निर्देश दिये गये।
अपर सिविल जज (सी.डि.) श्रीमती जया प्रियदर्शिनी, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बरेली द्वारा बताया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत से पूर्व तीन दिवसीय विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है जिसमें लघु आपराधिक वादों का निस्तारण कराया जा सकता है। उपरोक्त लोक अदालतों के प्रचार-प्रसार के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में कार्यरत पैरा लीगल वालंटियर को लगाया गया है, जो शहर के अलग-अलग स्थानों पर जाकर लोक अदालत का प्रचार कर रहे हैं और आम जनता को लोक अदालत के लाभ बता रहे हैं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बरेली सचिव द्वारा आम जनता से अपील की गई है कि तीन दिवसीय विशेष लोक अदालत और राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपने वादों का सफल निस्तारण कराएं।
बैठक में डिप्टी सी.एम.ओ. श्री पवन कपाही, ए.आर.टी.ओ. श्री वैभव सोडी, बीएसएनल से लेखाधिकारी श्री अरविन्द कुमार शर्मा, शिक्षा विभाग से श्री तौसीफ अहमद, बी.डी.ए. से श्री विनोद कुमार,  कैनाल न्यायालय से श्री बृजपाल आदि द्वारा प्रतिभाग किया गया।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
---------------------------------------------------------------------------------------------------