उत्तर प्रदेश विधानसभा में लगातार दूसरी बार रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के सांस्कृतिक केंद्र का शानदार प्रदर्शन

बरेली,02मई। युवा कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार एवं माई भारत द्वारा आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय युवा छात्र संसद प्रतियोगिता जिसका आयोजन 1 से 3 मई 2026 तक उत्तर प्रदेश विधानसभा में किया जा रहा है। इसमें महात्मा ज्योतिबा फुले रूहेलखण्ड विश्वविद्यालय के सांस्कृतिक केंद्र के वर्तमान छात्र दीपांशु दीप ने बरेली जनपद का तथा पूर्व छात्रा स्वर्णिमा गुप्ता ने शाहजहांपुर जनपद का प्रतिनिधित्व विधानसभा में करते हुए उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों के समक्ष “बजट 2026: विकसित भारत @ 2047 में युवाओं की भूमिका “विषय पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री बृजेश पाठक, विधानसभा अध्यक्ष श्री सतीश महाना, विधान परिषद अध्यक्ष कुंवर मानवेंद्र प्रताप सिंह, वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना सहित राज्य के शिक्षा मंत्री, खेल मंत्री एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। बरेली जिले से रूहेलखण्ड विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व दीपांशु दीप ने किया उन्होंने अपने तार्किक वक्तव्यों से सदन में सभी का ध्यान आकर्षित किया। पूरे सदन ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। दोनों युवाओं ने अपने भाषण में “बजट 2026:- विकसित भारत 2047 को बनाने में युवाओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बजट के विजन को समझाते हुए आधुनिक समय में इसकी प्रासंगिकता पर जोर दिया। उनके भाषण में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का संकल्प,युवाओं के लिए संवैधानिक मूल्यों को आत्मसात करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान भी शामिल था। सांस्कृतिक केन्द्र के दोनो विद्यार्थियों दीपांशु दीप और स्वर्णिमा गुप्ता की इस उपलब्धि पर रूहेलखण्ड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. के.पी. सिंह ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह विश्वविद्यालय के लिए गर्व का क्षण है।
विधानसभा में आयोजित यूथ पार्लियामेंट में हमारे दो छात्रों दीपांशु दीप और स्वर्णिमा गुप्ता ने अत्यंत उत्कृष्ट और प्रभावशाली प्रदर्शन किया उन्होंने न केवल संसदीय परंपराओं की गहरी समझ प्रस्तुत की बल्कि समसामयिक मुद्दों पर अपने विचार बड़े आत्मविश्वास के साथ रखें। मैं दोनों प्रतिभागियों को और सांस्कृतिक समन्वयक को मार्गदर्शन के लिए बधाई देता हूं। सांस्कृतिक केंद्र समन्वयक डॉ. ज्योति पांडेय ने बताया कि दीपांशु दीप ने पिछले वर्ष भी विधानसभा में बरेली जिले का प्रतिनिधित्व किया था। स्वर्णिमा प्रथम बार चयनित हुई है। दोनों ही विद्यार्थियों का बेहद शानदार और सराहनीय प्रदर्शन रहा । उन्होंने अपनी वाणी कौशल , प्रस्तुति और विषय की गहराई की समझ के माध्यम से सभी को प्रभावित किया यह केवल एक प्रतियोगिता नहीं बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता को निखारने का उत्कृष्ट मंच है । हमारे सांस्कृतिक केंद्र के कल्चरल क्लब के छात्र लगातार राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं। दोनों विद्यार्थियों को कुलसचिव हरीश चंद, परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार सिंह, सांस्कृतिक समन्वयक डॉ. ज्योति पाण्डेय, डॉ. इंदरप्रीत कौर, डॉ. रीना, डॉ.अतुल, श्री तपन वर्मा सहित संकायाध्यक्षों, विभागाध्यक्षों, शिक्षकों अधिकारियों , कर्मचारियों तथा कल्चर क्लब के सभी सदस्यों द्वारा बधाई व शुभकामनाएं दी।


बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
