Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसील नवाबगंज में सम्पूर्ण समाधान दिवस का हुआ आयोजन

बरेली, 02 मई। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में आज जनपद बरेली की तहसील नवाबगंज स्थित सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न हुआ।

जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनसामान्य की समस्याओं को सुनकर उनके ससमय एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने समस्त अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की मंशानुरूप आम जनमानस के साथ अच्छा व्यवहार करें और उनके प्रति संवेदनशील रहे तथा आम जनमानस के बीच जागरूकता पैदा करें कि वे अपनी समस्याएं स्वयं लेकर आएं।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में ग्राम देवरनियां की कक्षा 09 की छात्रा हर्षिता ने जिलाधिकारी को स्वयं बनाया चित्र भेंट किया। हर्षिता के हृदय में छेद के उपचार के लिए जिलाधिकारी की पहल पर शासन से 75 हजार रुपये की सहायता स्वीकृत हुई थी, जिससे उसका सफल इलाज हो सका। इस अवसर पर हर्षिता और उनके पिता ने जिलाधिकारी को पुष्पगुच्छ भेंट कर आभार व्यक्त किया।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में निवासी ग्राम गरगईया के आवेदक द्वारा अपने भाई जो की ग्राम में चौकीदार था, की मृत्यु उपरांत स्वयं को चौकीदार का पद दिये जाने का प्रार्थना पत्र दिया, जिस पर जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) को जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

ग्राम गुलशन नगर निवासी एक अन्य आवेदिका द्वारा गांव के दबंगों द्वारा खेत की मेड़ पर खड़े पेड़ को काटने की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने धारा-24 के तहत वाद दर्ज करने के निर्देश दिए।

ग्राम ज्योरा मकरन्दपुर निवासी एक अन्य आवेदक द्वारा राशन कार्ड ना बनाए जाने की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को जांच कर पात्र पाए जाने पर राशन कार्ड बनाए जाने के निर्देश दिए।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व, पूर्ति, विकास, चकबन्दी, विद्युत आदि विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुई।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 विश्राम सिंह, पुलिस अधीक्षक नॉर्थ मुकेश चन्द्र मिश्रा, परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण चन्द्र प्रकाश श्रीवास्तव, प्रभारी उप जिलाधिकारी नवाबगंज निधि शुक्ला सहित सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------