मेधावी विद्यार्थियों का होगा भव्य सम्मान, मुख्यमंत्री योगी 223 टॉपर्स को देंगे पुरस्कार
लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सोमवार, 1 जून को मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह-2026 का आयोजन करने जा रही है। राजधानी लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विभिन्न शिक्षा बोर्डों के 223 राज्य स्तरीय मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करेंगे।
वर्ष 2018 से शुरू हुई इस पहल के तहत प्रदेश सरकार लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रही है। इस वर्ष भी प्रदेशभर के हजारों छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।

राज्य स्तरीय मेधावियों को मिलेगा एक लाख रुपये का पुरस्कार
समारोह में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद, माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद, सीबीएसई और सीआईएससीई बोर्ड की वर्ष 2026 की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
राज्य स्तर पर चयनित विद्यार्थियों को एक लाख रुपये की धनराशि, टैबलेट, प्रशस्ति पत्र, मेडल और साफा प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों और संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को भी सम्मानित किया जाएगा।
223 मेधावियों में बेटियों का दबदबा
राज्य स्तरीय सम्मान के लिए कुल 223 विद्यार्थियों का चयन किया गया है। इनमें उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के 138, माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद के 21, सीआईएससीई बोर्ड के 33 और सीबीएसई बोर्ड के 31 विद्यार्थी शामिल हैं।
इन चयनित विद्यार्थियों में 85 छात्र और 138 छात्राएं हैं। यह आंकड़ा शिक्षा के क्षेत्र में बेटियों की बढ़ती भागीदारी और उत्कृष्ट उपलब्धियों को दर्शाता है।
अभिभावकों और प्रधानाचार्यों को भी मिलेगा सम्मान
सरकार ने इस बार विद्यार्थियों की सफलता में योगदान देने वाले अभिभावकों और शिक्षकों को भी सम्मानित करने का निर्णय लिया है। राज्य स्तरीय सम्मान प्राप्त करने वाले प्रत्येक विद्यार्थी के एक अभिभावक को शॉल भेंट कर सम्मानित किया जाएगा।

इसके अलावा विभिन्न बोर्डों में सर्वोच्च अथवा प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के 11 विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को भी प्रशस्ति पत्र और शॉल प्रदान किए जाएंगे।
प्रदेश के सभी जिलों में भी होंगे सम्मान समारोह
राज्य स्तरीय कार्यक्रम के साथ-साथ प्रदेश के सभी जनपदों में भी मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे। जिला स्तर पर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं में शीर्ष 10 स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
जिला स्तर पर कुल 1459 विद्यार्थियों को सम्मान मिलेगा, जिनमें 687 हाईस्कूल और 772 इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राएं शामिल हैं।
जिला स्तर के मेधावियों को मिलेगा नकद पुरस्कार
जिला स्तर पर चयनित विद्यार्थियों को 21 हजार रुपये की धनराशि, प्रशस्ति पत्र और मेडल प्रदान किया जाएगा। इनमें 617 छात्र और 842 छात्राएं शामिल हैं।
इस तरह वर्ष 2026 के मेधावी विद्यार्थी सम्मान कार्यक्रम के तहत प्रदेशभर में कुल 1682 विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित कर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता की नई मिसाल स्थापित करना है।
