Tuesday, July 21, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

राजीव गांधी राष्ट्रीय विमानन विश्वविद्यालय एवं आईआईटी रोपड़ के मध्य एमओयू पर हस्ताक्षर

राजीव गांधी राष्ट्रीय विमानन विश्वविद्यालय (आरजीएनएयू), अमेठी में आज भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रोपड़ के निदेशक प्रोफेसर राजीव आहूजा के आगमन पर एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आरजीएनएयू एवं आईआईटी रोपड़ के मध्य यूएवी ऑपरेशंस एवं ड्रोन प्रौद्योगिकी (UAV Operations and Drone Technology) में संयुक्त स्नातकोत्तर डिप्लोमा कार्यक्रम प्रारंभ करने हेतु एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर भृगु नाथ सिंह ने संकाय सदस्यों एवं अधिकारियों के साथ प्रोफेसर राजीव आहूजा का स्वागत किया। स्वागत के उपरांत दोनों शिक्षाविदों ने विश्वविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
बोर्ड कक्ष में आयोजित बैठक में कुलपति प्रोफेसर भृगु नाथ सिंह ने प्रोफेसर आहूजा का औपचारिक स्वागत करते हुए कहा कि दोनों संस्थानों द्वारा संयुक्त रूप से प्रारंभ किया जा रहा यह कार्यक्रम भविष्य की तकनीकी एवं औद्योगिक चुनौतियों के दृष्टिगत अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने राजीव गांधी राष्ट्रीय विमानन विश्वविद्यालय के विजन-2047, भावी विकास योजनाओं तथा विभिन्न अधोसंरचनात्मक एवं शैक्षणिक परियोजनाओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी।
अपने संबोधन में प्रोफेसर राजीव आहूजा ने कहा कि जब दो उत्कृष्ट संस्थान एक साथ मिलकर कार्य करते हैं तो उत्कृष्टता के नए प्रतिमान स्थापित होते हैं। उन्होंने नवाचार और शोध को वर्तमान समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि यह संयुक्त कार्यक्रम भारत को ड्रोन निर्माण एवं मानव रहित विमान प्रणालियों के क्षेत्र में अग्रणी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में राजीव गांधी राष्ट्रीय विमानन विश्वविद्यालय शोध, नवाचार एवं तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेगा।
बैठक के दौरान विश्वविद्यालय के विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक विभागों की ओर से प्रस्तुतियाँ दी गईं। प्रबंधन विद्यापीठ के अधिष्ठाता प्रोफेसर पंकज सिंह ने अपने विभाग की गतिविधियों एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। एयरोस्पेस इंजीनियरिंग के समन्वयक डॉ. कौशलेन्द्र दुबे ने विभाग की शैक्षणिक एवं अनुसंधान गतिविधियों की प्रस्तुति दी। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग के डॉ. श्रीमन नारायण ने विभाग की उपलब्धियों एवं भावी योजनाओं की जानकारी दी। पुस्तकलायाध्यक्ष डॉ. आनंद हिंडोलिया ने विश्वविद्यालय पुस्तकालय की आधुनिक सुविधाओं का परिचय कराया। अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. अनूप कुमार ने विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं एवं छात्र कल्याण संबंधी गतिविधियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।
तत्पश्चात कुलपति प्रोफेसर भृगु नाथ सिंह एवं आईआईटी रोपड़ के निदेशक प्रोफेसर राजीव आहूजा ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए तथा औपचारिक रूप से दस्तावेजों का आदान-प्रदान किया। इस अवसर पर आईआईटी रोपड़ के अधिष्ठाता (स्नातक अध्ययन) डॉ. शशि शेखर झा एवं डॉ. मनीष कुमार भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलसचिव, परीक्षा नियंत्रक, विभिन्न विद्यापीठों के अधिष्ठाता, संकाय सदस्य एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।
यह सहयोग भारत में ड्रोन प्रौद्योगिकी, मानव रहित विमान प्रणालियों तथा उन्नत विमानन शिक्षा के क्षेत्र में कौशल विकास, अनुसंधान एवं नवाचार को नई दिशा प्रदान करेगा तथा आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

---------------------------------------------------------------------------------------------------