‘पश्चिम बंगाल में राष्ट्रवादियों की सरकार चलेगी’, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का बड़ा बयान, भ्रष्टाचार और माफिया राज खत्म करने का दावा

कोलकाता: पश्चिम Bengal के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को बड़ा राजनीतिक संदेश देते हुए कहा कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार राष्ट्रवादियों की सरकार होगी, जो भारतीय परंपरा और संस्कृति को मजबूत करने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान जनता से किए गए सभी वादों को तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाएगा।

मुख्यमंत्री बनने के बाद उत्तर बंगाल के अपने पहले दौरे पर पहुंचे शुभेंदु अधिकारी ने भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी के ‘संकल्प पत्र’ में किए गए वादों पर अमल शुरू हो चुका है और जनता को योजनाओं का लाभ मिलना भी शुरू हो गया है।
उन्होंने कहा कि नई सरकार ने ‘अन्नपूर्णा योजना’ लागू करने का फैसला लिया है। इस योजना के तहत पूर्ववर्ती ममता बनर्जी सरकार की ‘लक्ष्मीर भंडार योजना’ में महिलाओं को मिलने वाली 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता को बढ़ाकर 3,000 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है। इसके साथ ही महिलाओं के लिए सरकारी बसों में यात्रा पूरी तरह निशुल्क कर दी गई है।
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि राज्य में आयुष्मान भारत योजना लागू की जाएगी, जिससे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार जनता की उम्मीदों और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

अपने संबोधन में शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि भाजपा सिर्फ सत्ता परिवर्तन नहीं चाहती, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में अब केवल झंडे का रंग या शीर्ष नेतृत्व नहीं बदलेगा, बल्कि शासन प्रणाली में व्यापक बदलाव देखने को मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि बदले हुए राजनीतिक माहौल में पश्चिम बंगाल में न तो गिरोहबाजी चलेगी, न रिश्वतखोरी को जगह मिलेगी और न ही माफिया राज को बर्दाश्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य में किसी भी प्रकार की राष्ट्रविरोधी गतिविधियों पर भी सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
