Top Newsदेश

NEET पेपर लीक आंदोलन: जंतर-मंतर पर डटे छात्र, आज सरकार और CJP के बीच तीसरे दौर की अहम वार्ता

नई दिल्ली: नीट पेपर लीक को लेकर जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेतृत्व में जारी छात्र आंदोलन शनिवार को भी जारी है। प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर कायम हैं और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग दोहरा रहे हैं। इस बीच केंद्र सरकार और सीजेपी के बीच आज दोपहर तीसरे दौर की वार्ता प्रस्तावित है, जिस पर सभी की नजरें टिकी हैं।

27 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट में होगी सुनवाई

सुप्रीम कोर्ट ने उन दो याचिकाओं पर 27 जुलाई को सुनवाई करने पर सहमति जताई है, जिनमें जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ कथित पुलिस ज्यादती के आरोप लगाए गए हैं। याचिकाओं में नीट पेपर लीक और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध के दौरान पुलिस कार्रवाई की जांच की मांग की गई है।

मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने मामले का उल्लेख किए जाने के बाद इसे 27 जुलाई के लिए सूचीबद्ध करने का निर्देश दिया।

प्रदर्शन के बीच संविधान और भगत सिंह पर किताबों की बढ़ी मांग

जंतर-मंतर पर जारी आंदोलन का असर आसपास के बाजारों में भी दिखाई दे रहा है। कड़ी सुरक्षा और प्रतिबंधों के चलते दुकानें, शोरूम, बैंक, कार्यालय और रेस्तरां प्रभावित हुए हैं, जिससे कारोबार पर असर पड़ा है।

हालांकि, प्रदर्शन में शामिल युवाओं के बीच संविधान, सामाजिक न्याय और शहीद भगत सिंह के विचारों से जुड़ी पुस्तकों की मांग बढ़ी है। संसद मार्ग पर वर्षों से पुस्तकें बेच रहे विक्रेताओं के अनुसार सामान्य दिनों की तुलना में बिक्री कम हुई है, लेकिन प्रदर्शनकारी संविधान, जात-पात का विनाश और भगत सिंह से संबंधित पुस्तकों की खरीदारी कर रहे हैं।

आज और कल रात 8 बजे बंद होंगी शराब की दुकानें

छात्र आंदोलन को देखते हुए दिल्ली में आज और कल शराब की दुकानें रात 8 बजे बंद करने का आदेश दिया गया है। सामान्य तौर पर राजधानी में शराब की दुकानें रात 10 बजे तक खुली रहती हैं। बताया गया कि सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

दिल्ली पुलिस ने बताया- फिलहाल स्थिति सामान्य

दिल्ली पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त अजय चौधरी के अनुसार, जंतर-मंतर पर फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की तुलना में प्रदर्शनकारियों की संख्या कम हुई है और बातचीत के सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं।

उनके मुताबिक, प्रदर्शन स्थल पर लोग देशभक्ति के गीत गा रहे हैं, सांस्कृतिक गतिविधियों में हिस्सा ले रहे हैं और शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रख रहे हैं। शुक्रवार शाम तक जंतर-मंतर पर करीब 8 हजार प्रदर्शनकारी मौजूद थे।

हाईकोर्ट ने हस्तक्षेप से किया इनकार

दिल्ली हाईकोर्ट ने 20 जुलाई को संसद मार्च और जंतर-मंतर प्रदर्शन से जुड़ी दो जनहित याचिकाओं पर सुनवाई से इनकार कर दिया। एक याचिका में मामले की एनआईए से जांच कराने की मांग की गई थी, जबकि दूसरी में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज करने के निर्देश देने की मांग की गई थी।

अदालत ने स्पष्ट किया कि जांच और कानूनी कार्रवाई से जुड़े निर्णय संबंधित एजेंसियां और प्रशासन अपने अधिकार क्षेत्र के अनुसार करेंगे।

दिल्ली पुलिस की नियमित छुट्टियां रद्द

राजधानी में कानून-व्यवस्था को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सभी पुलिसकर्मियों की नियमित छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी हैं। पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार अगले निर्देश तक आकस्मिक और अर्जित अवकाश सहित कोई भी नियमित छुट्टी स्वीकृत नहीं की जाएगी। केवल वास्तविक आपात स्थिति में सक्षम अधिकारी की अनुमति के बाद ही अवकाश मिलेगा। इसके अलावा पुलिस आयुक्त की पूर्व स्वीकृति के बिना कोई भी पुलिसकर्मी किसी प्रशिक्षण कार्यक्रम या पाठ्यक्रम में शामिल नहीं हो सकेगा।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------