Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

बीबीएयू में विश्व पृथ्वी दिवस की पूर्व संध्या पर पर्यावरण संरक्षण को लेकर रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन, 200 से अधिक विद्यार्थियों ने दिखाई सक्रिय भागीदारी

बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में 21 से 22 अप्रैल तक ‘विश्व पृथ्वी दिवस’ के अवसर पर भूविज्ञान विभाग और सतत् विकास लक्ष्य समिति के संयुक्त तत्वावधान में द्विदिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में 21 अप्रैल को पृथ्वी दिवस की पूर्व संध्या पर विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल के संरक्षण तथा भूविज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. नरेंद्र कुमार और सतत् विकास लक्ष्य समिति के अध्यक्ष प्रो. नवीन कुमार अरोड़ा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता फैलाने का उद्देश्य

कार्यक्रम समन्वयक एवं भूविज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. नरेंद्र कुमार ने बताया कि विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर आयोजित इन प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक पर्यावरण संरक्षण का संदेश पहुंचाना और जागरूकता को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित होती है और वे छोटे-छोटे प्रयासों के जरिए पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रेरित होते हैं। साथ ही, यह पहल उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित एवं संतुलित पर्यावरण सुनिश्चित करने की दिशा में प्रेरित करती है।

विद्यार्थियों में सतत विकास और पर्यावरणीय समझ को बढ़ावा

सतत् विकास लक्ष्य समिति के अध्यक्ष प्रो. नवीन कुमार अरोड़ा ने जानकारी दी कि विश्व पृथ्वी दिवस के उपलक्ष्य में कुल 6 रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें 200 से अधिक विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल प्रतिस्पर्धात्मक भावना को बढ़ाते हैं, बल्कि विद्यार्थियों को पर्यावरणीय मुद्दों, सतत विकास और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के महत्व को भी गहराई से समझने का अवसर प्रदान करते हैं। यह प्रयास युवाओं को जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करता है।

पोस्टर, रंगोली, भाषण और इको-रील प्रतियोगिताओं का आयोजन

कार्यक्रम के दौरान ‘सतत विकास लक्ष्य: सतत भविष्य में युवाओं की भूमिका’ विषय पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसके साथ ही ‘हम जिस पृथ्वी के हकदार हैं, उसके लिए एक दृष्टि’ विषय पर रंगोली प्रतियोगिता, ‘हमारी पृथ्वी: आशा बनाम कार्रवाई’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता तथा ‘विभिन्न दृष्टिकोणों से पर्यावरण: चुनौतियाँ और समाधान’ विषय पर इको-रील चैलेंज प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसके अतिरिक्त ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ विषय पर काव्य पाठ और ‘सतत विकास लक्ष्य’ विषय पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।

22 अप्रैल को राष्ट्रीय संगोष्ठी और पुरस्कार वितरण समारोह

विश्वविद्यालय में 22 अप्रैल को विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इस संगोष्ठी के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------