उत्तर प्रदेश

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे की मरम्मत पर सियासत तेज, पंखे से सड़क सुखाने का VIDEO शेयर कर अखिलेश यादव का तंज

लखनऊ: लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर मरम्मत कार्य को लेकर उत्तर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। एक्सप्रेसवे के कुछ हिस्सों में मरम्मत के दौरान पानी सुखाने के लिए लगाए गए पंखों का वीडियो सामने आने के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने वीडियो साझा करते हुए एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता और निर्माण कार्य पर सवाल उठाए।

जानकारी के अनुसार, हाल ही में शुरू हुए लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के आठ स्थानों पर सड़क धंसने की बात सामने आई है। इसके बाद संबंधित हिस्सों में मरम्मत का कार्य किया जा रहा है। बारिश के कारण मरम्मत वाले हिस्से को जल्द सुखाने के लिए पंखों का उपयोग किया गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर साधा निशाना

वीडियो साझा करते हुए अखिलेश यादव ने लिखा कि यह भाजपाई तरक्की की नई हवा है। उन्होंने कहा कि जिस सड़क का कुछ दिन पहले ही उद्घाटन हुआ हो, उसे इतनी जल्दी मरम्मत की जरूरत पड़ना गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने यह भी कहा कि एक्सप्रेस स्पीड से मरम्मत सुखाने के लिए पंखों का इस्तेमाल किया जाना हास्यास्पद है।

अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में सवाल उठाया कि जब दो से तीन सप्ताह के भीतर ही एक्सप्रेसवे की स्थिति ऐसी हो गई है तो उस पर सफर का जोखिम कौन उठाएगा। उन्होंने ‘अटल प्रोग्रेस वे’ योजना का भी उल्लेख करते हुए उसके निर्माण और क्रियान्वयन पर सवाल खड़े किए।

निर्माण गुणवत्ता को लेकर उठे सवाल

एक्सप्रेसवे के कुछ हिस्सों में सड़क धंसने की घटनाओं के बाद निर्माण गुणवत्ता को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। मरम्मत कार्य के दौरान पंखों से सड़क सुखाने का वीडियो सामने आने के बाद विपक्ष सरकार पर लगातार हमलावर है। फिलहाल एक्सप्रेसवे पर मरम्मत का कार्य जारी है और इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------