Top Newsदेशराज्य

प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार को दी 13,500 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात

मधुबनी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को बिहार को बड़ी विकास योजनाओं की सौगात दी। उन्होंने लगभग 13,500 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। साथ ही चार नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो राज्य के रेल संपर्क और यात्री सुविधा को और बेहतर बनाएंगी।

नई ट्रेनों से जुड़े रूट और नाम
प्रधानमंत्री ने जिन ट्रेनों को रवाना किया, उनमें शामिल हैं:
– सहरसा-मुंबई ‘अमृत भारत एक्सप्रेस’
– जयनगर-पटना ‘नमो भारत रैपिड रेल’
– पिपरा-सहरसा पैसेंजर ट्रेन
– सहरसा-समस्तीपुर पैसेंजर ट्रेन

इन ट्रेनों के संचालन से बिहार के प्रमुख जिलों को सीधे लाभ मिलेगा और यात्री आवागमन में भी सुगमता आएगी।

रेल अवसंरचना को मिली मजबूती
राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने सुपौल-पिपरा और हसनपुर-बिथन रेल लाइनों, तथा छपरा और बगहा में दो लेन वाले रेल ओवरब्रिज का उद्घाटन किया।
उन्होंने खगड़िया-अलौली रेल लाइन को भी राष्ट्र को समर्पित किया।

-------------------------------------------------------------------------------------------

एलपीजी संयंत्र से बढ़ेगी आपूर्ति क्षमता
गोपालगंज जिले के हथुआ में करीब 340 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले एलपीजी बॉटलिंग प्लांट की आधारशिला भी रखी गई। इस संयंत्र में रेल द्वारा एलपीजी अनलोडिंग की सुविधा होगी, जिससे थोक आपूर्ति और वितरण प्रणाली को मजबूती मिलेगी।

बिजली और ग्रामीण विकास परियोजनाएं
प्रधानमंत्री मोदी ने पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना (RDSS) के तहत 1,170 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की आधारशिला रखी और 5,030 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इनसे बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता और पहुंच में सुधार होगा।

महिलाओं और गरीबों को मिली आर्थिक सहायता
‘दीनदयाल अंत्योदय योजना – राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन’ के अंतर्गत प्रधानमंत्री ने 2 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूहों को 930 करोड़ रुपये की सामुदायिक निवेश निधि वितरित की।

प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को बड़ी राहत
प्रधानमंत्री ने पीएम आवास योजना-ग्रामीण के 15 लाख नए लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र सौंपे, साथ ही देशभर के 10 लाख लाभार्थियों को किस्त जारी की।
बिहार के एक लाख ग्रामीण और 54,000 शहरी लाभार्थियों को गृह प्रवेश कार्यक्रम के तहत घर की चाबियां सौंपी गईं।

---------------------------------------------------------------------------------------------------