मानसून में बार-बार हो रहा है पेट दर्द? जानिए क्या खाएं, किन चीजों से बनाएं दूरी
नई दिल्ली: बारिश का मौसम जहां गर्मी से राहत देता है, वहीं संक्रमण और पाचन संबंधी समस्याओं का खतरा भी बढ़ा देता है। इस दौरान नमी और दूषित भोजन के कारण पेट में संक्रमण, फूड पॉइजनिंग, गैस, अपच और पेट दर्द जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं। ऐसे में खानपान और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। सही भोजन और कुछ जरूरी सावधानियां अपनाकर मानसून में पेट को स्वस्थ रखा जा सकता है।
इम्यूनिटी बढ़ाने वाले खाद्य पदार्थ खाएं

बारिश के मौसम में केला, सेब, टमाटर और बेरी जैसे फलों का सेवन फायदेमंद माना जाता है। इनमें मौजूद पोषक तत्व शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बेहतर बनाए रखने में मदद करते हैं। इस मौसम में ताजा और घर का बना भोजन खाने को प्राथमिकता दें।
शरीर को रखें हाइड्रेटेड
कम पानी पीने से पाचन तंत्र प्रभावित हो सकता है। मानसून में भी शरीर को पर्याप्त मात्रा में पानी की जरूरत होती है। इसलिए पूरे दिन पर्याप्त पानी पीते रहें, ताकि शरीर में पानी की कमी न हो और पाचन क्रिया बेहतर बनी रहे।
प्रोबायोटिक्स को करें आहार में शामिल
दही जैसे प्रोबायोटिक खाद्य पदार्थ पेट के लिए लाभकारी माने जाते हैं। इनमें मौजूद अच्छे बैक्टीरिया पाचन तंत्र को संतुलित रखने में मदद करते हैं और संक्रमण के खतरे को कम कर सकते हैं।
प्रोटीन और फाइबर से भरपूर भोजन करें
इस मौसम में हरी सब्जियां, दालें, साबुत अनाज, फलियां और अंडे की सफेदी जैसे प्रोटीन एवं फाइबर युक्त खाद्य पदार्थों का सेवन करना लाभदायक माना जाता है। ये पाचन को बेहतर रखने के साथ शरीर को आवश्यक पोषण भी प्रदान करते हैं।
कच्चा और बाहर का खाना खाने से बचें

बारिश के मौसम में कच्चे खाद्य पदार्थ और बाहर का अस्वच्छ भोजन संक्रमण का कारण बन सकते हैं। इसलिए ताजा, अच्छी तरह पका हुआ और घर का बना भोजन ही खाएं।
फल और सब्जियां अच्छी तरह धोएं
फल और सब्जियों का उपयोग करने से पहले उन्हें अच्छी तरह साफ करना जरूरी है। इससे उन पर मौजूद गंदगी और संभावित हानिकारक जीवाणुओं का खतरा कम किया जा सकता है।
नियमित व्यायाम भी है जरूरी
संक्रमण से बचाव के लिए संतुलित आहार के साथ नियमित व्यायाम भी जरूरी है। शारीरिक सक्रियता शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाए रखने में मदद करती है।
नमक का अधिक सेवन न करें
जरूरत से ज्यादा नमक का सेवन स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। अधिक नमक उच्च रक्तचाप जैसी समस्याओं का जोखिम बढ़ा सकता है, इसलिए इसका सेवन संतुलित मात्रा में ही करें।
