मानसून में जूतों से आती है तेज बदबू? मिनटों में छुटकारा दिलाएंगे ये 4 आसान घरेलू नुस्खे
बारिश के मौसम में नमी बढ़ने के साथ जूतों से बदबू आना एक आम समस्या बन जाती है। कई बार भीगे जूते, पैरों का पसीना और नमी मिलकर बैक्टीरिया को पनपने का मौका देते हैं, जिससे जूतों से तेज दुर्गंध आने लगती है। ऐसे में ऑफिस, स्कूल, कॉलेज या किसी के घर जूते उतारते समय शर्मिंदगी का सामना भी करना पड़ सकता है। अगर आप भी इस परेशानी से जूझ रहे हैं, तो घर में मौजूद कुछ आसान चीजों की मदद से जूतों की बदबू को काफी हद तक दूर कर सकते हैं।
बेकिंग सोडा करेगा बदबू खत्म

बेकिंग सोडा नमी और दुर्गंध को सोखने में बेहद प्रभावी माना जाता है। रात में सोने से पहले दोनों जूतों के अंदर एक-एक चम्मच बेकिंग सोडा छिड़क दें और पूरी रात के लिए छोड़ दें। सुबह जूतों को अच्छी तरह झाड़ लें। इससे जूतों के अंदर मौजूद नमी कम होगी और बदबू में भी राहत मिल सकती है।
सूखी चाय की पत्ती भी है कारगर
इस्तेमाल किए हुए टी-बैग्स को अच्छी तरह सुखाकर या सूखी चाय की पत्ती को कपड़े की छोटी पोटली में बांधकर कुछ घंटों के लिए जूतों के अंदर रख दें। चाय की पत्ती में मौजूद प्राकृतिक तत्व दुर्गंध कम करने और बैक्टीरिया की वृद्धि को रोकने में मददगार माने जाते हैं।

पुराना अखबार सोख लेगा नमी
यदि बारिश में जूते हल्के गीले हो गए हैं, तो उनके अंदर पुराने अखबार भर दें। अखबार जूतों की नमी तेजी से सोख लेता है। जब अखबार गीला हो जाए तो उसे बदलकर दूसरा सूखा अखबार रख दें। इससे जूते जल्दी सूखेंगे और बदबू पैदा करने वाले बैक्टीरिया के पनपने की संभावना कम होगी।
धूप और ताजी हवा का लें सहारा
बारिश के मौसम में जब भी धूप निकले, जूतों को कुछ समय के लिए खुली हवा और धूप में जरूर रखें। धूप प्राकृतिक रूप से जूतों के अंदर मौजूद नमी, फंगस और कीटाणुओं को कम करने में मदद करती है, जिससे दुर्गंध आने की संभावना घट जाती है।
