बीबीएयू में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान का शुभारंभ, 17 अक्टूबर तक चलेगा जागरूकता अभियान

लखनऊ: बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय में 17 सितंबर 2026 को ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने की। इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. अश्विनी कुमार सिंह, स्वच्छता प्रभारी डॉ. रवि शंकर वर्मा, खेल प्रभारी डॉ. मनोज कुमार डडवाल सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।

स्वच्छता को सामूहिक जिम्मेदारी बनाने पर जोर
कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या वर्ग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के साथ समाज में सकारात्मक सोच और जिम्मेदारी की भावना को भी विकसित करता है।
उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर और कार्यस्थल से स्वच्छता की शुरुआत करे तो स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा सकता है।
दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील
-------------------------------------------------------------------------------------------
कुलपति ने विश्वविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों से ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान में सक्रिय रूप से सहभागिता करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल किसी अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
विश्वविद्यालय में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों और विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इस दौरान स्वच्छ परिसर, स्वच्छ कार्यस्थल और स्वच्छ परिवेश के महत्व के बारे में जानकारी दी जाएगी। अभियान के माध्यम से स्वच्छता के प्रति व्यक्तिगत और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।

