रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय में निकली तिरंगा यात्रा : राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का लिया संकल्प

बरेली, 12 अगस्त। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली में हर घर तिरंगा अभियान 2026 के अंतर्गत विश्वविद्यालय परिसर में भव्य तिरंगा यात्रा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर केपी सिंह की अध्यक्षता में निकाली गई। स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पर अतिथियों का स्वागत पौधा दे कर किया गया । इसके बाद तिरंगे गुब्बारे उड़ा कर राष्ट्र की समृद्धि और प्रगति की कामना के साथ तिरंगा यात्रा प्रारंभ हुई।
तिरंगा यात्रा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से प्रारंभ होकर विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती द्वार स्थित स्वामी विवेकानंद प्रेरणा स्थल तक पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। विवेकानंद प्रेरणा स्थल पर तिरंगा
यात्रा में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. के.पी. सिंह, बरेली के मेयर डॉ. उमेश गौतम तथा बिथरी चैनपुर के विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा उपस्थित रहे। इस अवसर पर अतिथियों ने विश्वविद्यालय परिसर में नवनिर्मित प्रो. एम.डी. तिवारी मार्ग का उद्घाटन भी किया। यह मार्ग विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रोफेसर एम.डी. तिवारी की स्मृति में स्थापित किया गया है। सभी ने प्रोफेसर एम.डी. तिवारी के विश्वविद्यालय एवं उच्च शिक्षा के क्षेत्र में योगदान को स्मरण किया। इसके साथ ही साथ विवेकानंद जी की प्रतिमा पर भी पुष्पांजलि की। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. के.पी. सिंह ने तिरंगा यात्रा में युवाओं का आह्वान करते हुए उनको शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति और उसकी विकास यात्रा के प्रमुख वाहक होते हैं। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, गौरव और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग का प्रतीक है। इस तिरंगा यात्रा के माध्यम से युवाओं को अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों एवं सामाजिक उत्तरदायित्वों के प्रति भी संकल्पित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं को आत्मविश्वास, अनुशासन, राष्ट्रसेवा एवं सकारात्मक सोच के लिए प्रेरित करते हैं। देश के 80वे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से हम सभी को विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने में की निर्णायक भूमिका
निभानी होगी।
बरेली के मेयर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि विश्वविद्यालय की प्रगति बरेली शहर के लिए गौरव की बात है। विश्वविद्यालय लगातार अकादमिक , सांस्कृतिक और सामाजिक क्षेत्र के कल्याणकारी कार्यों से ऊँचाइयों को छू रहा है। प्रो.एम डी तिवारी जी द्वारा विश्व विश्वविद्यालय की स्थापना और विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया गया है। विश्व विद्यालय युवाओं द्वारा तिरंगा यात्रा में उत्साहपूर्वक भाग लेना यह दर्शाता है कि युवा पीढ़ी राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझती है। उन्होंने युवाओं से स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज एवं राष्ट्र के विकास में सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया।

बिथरी चैनपुर विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा ने कहा कि भारत की युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर आज के विकसित भारत के निर्माण तक युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। मोबाइल की आभासी दुनिया से अलग हट कर युवाओं को नई सोच और विचारों के साथ आगे आना होगा।उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शिक्षा, नवाचार, अनुशासन एवं सामाजिक सेवा के माध्यम से देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन विश्वविद्यालय की सांस्कृतिक समन्वयक डॉ. ज्योति पाण्डेय द्वारा किया गया। उन्होंने बताया कि कि हर घर तिरंगा अभियान 2026 के अंतर्गत विश्वविद्यालय परिसर एवं संबद्ध संस्थानों में निरंतर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और स्वतंत्रता आंदोलन के मूल्यों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना है।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री महेंद्र कुमार सिंह, प्रो.विनय ऋषिवाल, प्रो. ए.के. सिंह, प्रो. एस एस बेदी, डॉ.ज्योति पाण्डेय, श्री तपन वर्मा, सहित विभागाध्यक्ष, संकायाध्यक्ष, शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्ण भाग लिया।

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
