Weather Update : दिल्ली के मौसम में आज आएगी बहार, हवाओं का बदलेगा रुख
नई दिल्ली : देश के ज्यादातर राज्यों में मार्च के महीने में ही गर्मी ने दस्तक दे दी है। अबकी बार मार्च के महीने में ही मई और जून के जैसी गर्मी पड़ने लगी है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, पड़ोसी देश पाकिस्तान और आसपाल के निचले हिस्से में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बन रहा है, जिसका सीधा असर हमारे देश पर देखने के लिए मिलेगा। मौसम विभाग ने जानकारी देते हुए बताया है कि आज देश की राजधानी दिल्ली में तेज हवाओं के चलने की उम्मीद की जा रही है। हालांकि अभी मौसम साफ रहेगा।
आईएमडी के अनुसार, दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। आईएमडी के अनुसार, सफदरजंग में बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री से भी ज्यादा रहा, जो कि इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा था। इस दौरान ज्यादा से ज्यादा तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तर-पश्चिम भारत में इस साल रिकॉर्ड लू चलने की आशंका जतायी है।
हॉट डे की चेतावनी जारी
उत्तर प्रदेश में भी समय से पहले ही गर्मी ने दस्तक दे दी है। तापमान में हो रही बढ़त के कारण लोगों का जीना बेहाल हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में आने वाले दिनों में हॉट डे का सिलसिला भी जारी हो सकता है। इसके अलावा मौसम विभाग ने 13 जिलों में हॉट डे की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान पश्चिमी व पूर्वी हिस्से में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। बिहार में भी मौसम का ऐसा ही हाल रह सकता है। राज्य का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक के मुताबिक, राज्य में अगले 3 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने का पूर्वानुमान है। इसके अलावा पटना में आज अधिकतम तापमान 38-40°C यानी सामान्य से अधिक के बीच रहने की संभावना है।
हल्की बारिश की उम्मीद
राजस्थान में मौसम विभाग के अनुसार वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण जोधपुर, बीकानेर संभागों में आने वाले 48 घंटो में 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने व हल्के बादल छाए रहने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश के ज्यादा ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में आज हल्की बारिश की उम्मीद की जा रही है। मौसम विभाग ने किन्नौर और लाहौल स्पीति के कुछ एरिया में बर्फबारी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड के भी ऊंचे एरिया में आज बादल छाने के साथ ही कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। साथ ही मैदानी क्षेत्रों में चटक धूप खिलने की उम्मीद है। हालांकि राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में भी ज्यादातर तापमान सामान्य से ज्यादा हो गया है।
मौसम विभाग ने बताया है कि 29 मार्च तक अरुणाचल प्रदेश में कुछ जगहों पर भारी बारिश के साथ-साथ बर्फबारी की भी उम्मीद जतायी जा रही है। इसके अलावा मध्य प्रदेश, कोंकण, गोवा, कर्नाटक, केरल तमिलनाडु और पुडुचेरी में आज बारिश होने का कयास है। साथ ही साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण से जम्मू कश्मीर और लद्दाख की खूबसूरत घाटियों में आज बर्फबारी भी देखने को मिल सकता है।