Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

अयोध्या के डॉ. विनय प्रकाश सिंह ने फिर बढ़ाया देश का मान, लगातार दूसरी बार बने एशियन-पैसिफिक पोस्टल यूनियन के महासचिव

अयोध्या: उत्तर प्रदेश के अयोध्या के पूरा बाजार निवासी भारतीय डाक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी डॉ. विनय प्रकाश सिंह ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बार फिर देश और जिले का नाम रोशन किया है। उन्हें एशियन-पैसिफिक पोस्टल यूनियन के महासचिव के चार वर्षीय कार्यकाल के लिए लगातार दूसरी बार निर्विरोध चुना गया है। बैंकॉक में आयोजित कांग्रेस में 4 सितंबर को 32 सदस्य देशों वाले इस अंतरराष्ट्रीय संगठन ने उनके निर्वाचन की घोषणा की।

डॉ. सिंह का पहला चार वर्षीय कार्यकाल दिसंबर में पूरा होगा। इसके बाद उनका दूसरा कार्यकाल जनवरी 2027 से शुरू होगा। एशियन-पैसिफिक पोस्टल यूनियन में चीन, ईरान, जापान, पाकिस्तान, अफगानिस्तान, श्रीलंका, कोरिया, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, भूटान, नेपाल और फिजी समेत 32 सदस्य देश शामिल हैं।

प्रशासनिक और शैक्षिक क्षेत्र में शानदार रहा करियर

1988 बैच के अधिकारी डॉ. विनय प्रकाश सिंह का प्रशासनिक और शैक्षिक करियर उल्लेखनीय रहा है। वह भारत सरकार के डाक सेवा बोर्ड के सदस्य रह चुके हैं। इसके अलावा संचार मंत्रालय में मुख्य सतर्कता अधिकारी, उत्तर प्रदेश के चीफ पोस्टमास्टर जनरल और चीफ जनरल मैनेजर के पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

डॉ. सिंह ने संघ लोक सेवा आयोग, संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम के अफगानिस्तान मिशन और सेना डाक सेवा कोर में भी महत्वपूर्ण प्रतिनियुक्तियों पर काम किया है।

इलाहाबाद विश्वविद्यालय से गोल्ड मेडल, आईआईटी दिल्ली से पीएचडी

शैक्षिक क्षेत्र में भी डॉ. विनय प्रकाश सिंह की उपलब्धियां खास रही हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से आधुनिक इतिहास में परास्नातक की डिग्री हासिल की और गोल्ड मेडल प्राप्त किया। इसके अलावा आईआईटी दिल्ली से प्रबंधन विषय में पीएचडी की उपाधि अर्जित की है।

-------------------------------------------------------------------------------------------

डॉ. सिंह पूरा बाजार के पूर्व प्रधानाचार्य स्वर्गीय राम मनोरथ सिंह के पुत्र हैं।

अयोध्या के डाक विभाग और लोगों में खुशी

डॉ. विनय प्रकाश सिंह के लगातार दूसरी बार एशियन-पैसिफिक पोस्टल यूनियन के महासचिव चुने जाने से अयोध्या के डाक विभाग और स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है। अयोध्या मंडल के प्रवर अधीक्षक डाकघर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने इसे पूरे देश के लिए गौरव की बात बताया।

जनप्रतिनिधियों और नेताओं ने दी बधाई

डॉ. सिंह की इस उपलब्धि पर सीनियर पोस्टमास्टर डॉ. किरण सिंह, सत्येंद्र प्रताप सिंह और पंकज सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। सांसद अवधेश प्रसाद, पूर्व सांसद लल्लू सिंह, विधायक वेदप्रकाश गुप्ता, विधायक अभय सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि शिवेंद्र सिंह, पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय और सपा नेता अनिमेष सिंह राहुल ने भी उन्हें इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके दूसरे कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------