Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

गोण्डा में बाढ़ पीड़ितों के लिए प्रशासन की बड़ी राहत, 1100 से अधिक परिवारों को बांटी गई राहत सामग्री किट

गोण्डा: जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन के निर्देश पर बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राहत और सहायता पहुंचाने का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में तरबगंज तहसील के बाढ़ प्रभावित ग्राम जबरनगर और गढ़ी में 1100 से अधिक परिवारों को राहत सामग्री किट वितरित की गई। तरबगंज विधायक श्री प्रेम नरायन पाण्डेय, मुख्य राजस्व अधिकारी श्रीमती रिंकी जायसवाल, उप जिलाधिकारी तरबगंज श्री प्रदीप कुमार सिंह और जिला आपदा विशेषज्ञ श्री राजेश श्रीवास्तव ने प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई।

राहत सामग्री मिलने पर बाढ़ प्रभावित परिवारों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया। अधिकारियों ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता और तत्परता से काम कर रहा है।

गांव-गांव पहुंचकर अधिकारियों ने जाना बाढ़ पीड़ितों का हाल

जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य राजस्व अधिकारी, उप जिलाधिकारी तरबगंज, जिला आपदा विशेषज्ञ और तहसीलदार तरबगंज लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। अधिकारियों ने गांव-गांव पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं तथा जरूरतों की जानकारी ली।

इस दौरान बाढ़ प्रभावित परिवारों को लंच पैकेट भी वितरित किए गए। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी आवश्यकताओं को समझा और भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। राहत एवं बचाव कार्यों में किसी तरह की कमी नहीं आने देने तथा जरूरत के अनुसार आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात भी कही गई।

-------------------------------------------------------------------------------------------

बाढ़ क्षेत्र के अंतिम छोर तक पहुंच रही राहत

जिला प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासनिक अधिकारियों और राजस्व विभाग की टीमें गांवों का नियमित भ्रमण कर जमीनी स्थिति का जायजा ले रही हैं और जरूरतमंद परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचा रही हैं।

अधिकारियों की ओर से विशेष रूप से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के अंतिम छोर पर रहने वाले परिवार भी राहत और सहायता से वंचित न रहें। प्रभावित इलाकों में नियमित भ्रमण, निगरानी और आवश्यकता के अनुसार राहत सामग्री का वितरण लगातार जारी है।

अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन पूरी तरह उनके साथ खड़ा है और बाढ़ की स्थिति में प्रत्येक प्रभावित परिवार तक हरसंभव मदद पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------