Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

कजरी तीज को लेकर गोण्डा पुलिस अलर्ट, एसपी ने पृथ्वीनाथ और दुखहरण नाथ मंदिर का किया निरीक्षण; सुरक्षा व्यवस्था परखी

गोण्डा: कजरी तीज पर्व के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और मंदिरों में सुगम दर्शन-पूजन व्यवस्था को लेकर गोण्डा पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री अभिषेक ने सोमवार को जिले के प्रमुख शिव मंदिरों का निरीक्षण कर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।

पुलिस अधीक्षक ने सबसे पहले खरगूपुर थाना क्षेत्र स्थित पृथ्वीनाथ मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, प्रवेश और निकास मार्ग, भीड़ नियंत्रण, पुलिस बल की तैनाती तथा यातायात व्यवस्था की स्थिति देखी। उन्होंने मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं से बातचीत कर उनकी सुविधा और सुरक्षा से जुड़ी जानकारी भी ली।

इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने पृथ्वीनाथ मंदिर में विधिवत जलाभिषेक और पूजा-अर्चना की।

दुखहरण नाथ मंदिर में भी सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

पृथ्वीनाथ मंदिर के बाद पुलिस अधीक्षक ने दुखहरण नाथ मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। संभावित भीड़ को देखते हुए उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग, प्रवेश और निकास व्यवस्था के साथ ही आसपास के क्षेत्रों में यातायात प्रबंधन की स्थिति परखी।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी कर्मचारियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने और किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया।

-------------------------------------------------------------------------------------------

मंदिरों के आसपास लगातार निगरानी, पेट्रोलिंग पर जोर

कजरी तीज के अवसर पर जिले के प्रमुख मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए गोण्डा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है। प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ लगातार पेट्रोलिंग, यातायात नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था की जा रही है।

पुलिस मंदिर परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी रख रही है, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में दर्शन-पूजन कर सकें।

निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी रहे मौजूद

पुलिस अधीक्षक के निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी श्री अजीत कुमार रजक, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी श्री राधेश्याम राय, क्षेत्राधिकारी नगर श्री योगेन्द्र सिंह सहित अन्य अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------