अयोध्या में एनयूजे राष्ट्रीय परिषद की बैठक का शुभारंभ, 22 राज्यों से पहुंचे करीब 200 पत्रकार, पत्रकार सुरक्षा कानून समेत कई मुद्दों पर होगा मंथन

अयोध्या डेस्क: नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) यानी एनयूजे आई की दो दिवसीय राष्ट्रीय परिषद की बैठक का रविवार को अयोध्या धाम में शुभारंभ हुआ। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने बैठक का उद्घाटन किया। 4 और 5 अक्टूबर को आयोजित इस राष्ट्रीय परिषद में देश के 22 राज्यों से करीब 200 प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। बैठक का आयोजन उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (उपज) की ओर से किया जा रहा है।

जौनपुर से जिलाध्यक्ष सैय्यद हसनैन कमर दीपू, उपाध्यक्ष अब्दुल हक अंसारी और महामंत्री जेडी सिंह ने कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी का बुके देकर स्वागत किया। इस दौरान तेलंगाना, केरल, महाराष्ट्र, पंजाब, बिहार समेत अन्य राज्यों से आए पत्रकारों ने भी कैबिनेट मंत्री को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
पत्रकारों की समस्याओं और मांगों पर होगी चर्चा
एनयूजे के राष्ट्रीय महासचिव त्रियुग नारायण तिवारी ने बताया कि राष्ट्रीय परिषद की बैठक में पत्रकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों और समस्याओं पर विस्तार से मंथन किया जाएगा। बैठक में पत्रकार हितों से जुड़े प्रस्ताव भी पारित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि मीडिया काउंसिल की स्थापना, नए वेतन बोर्ड के गठन और पत्रकार सुरक्षा कानून बनाने की मांग प्रमुख रूप से उठाई जाएगी। इसके अलावा समसामयिक मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता एनयूजे के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश शर्मा, भोपाल करेंगे।
उत्तर प्रदेश से करीब 55 प्रतिनिधि ले रहे हिस्सा
-------------------------------------------------------------------------------------------
उपज के प्रदेश अध्यक्ष सर्वेश कुमार सिंह के अनुसार राष्ट्रीय परिषद की बैठक में उत्तर प्रदेश से करीब 55 प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। प्रदेश इकाई और अयोध्या जिला इकाई की ओर से बैठक को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं।
उत्तर प्रदेश की इकाई की ओर से पत्रकारों के लिए पेंशन की मांग को भी राष्ट्रीय परिषद की बैठक में रखा जाएगा। इस संबंध में प्रस्ताव पारित कराने की मांग की जाएगी।
रेल यात्रा में पत्रकारों को फिर रियायत देने की मांग
राष्ट्रीय परिषद की बैठक में पत्रकारों को रेल यात्रा में दोबारा रियायत शुरू करने की मांग भी उठाई जाएगी। पत्रकार संगठनों की ओर से इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर रखने की तैयारी की गई है।
जौनपुर से जिलाध्यक्ष सैय्यद हसनैन कमर दीपू, जेडी सिंह और अब्दुल हक अंसारी समेत अन्य पदाधिकारी राष्ट्रीय परिषद की बैठक में मौजूद रहे।
