प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना बनी परिवार के लिए आर्थिक संबल:-जिलाधिकारी

गोण्डा, 05 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत बीमित व्यक्ति की मृत्यु के उपरांत उसके आश्रित को बीमा लाभ प्रदान किया गया। कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन तथा अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) श्री विनोद तिवारी ने स्वर्गीय बृज किशोर तिवारी, निवासी वादीपुर, इटियाथोक की पत्नी श्रीमती पूनम तिवारी को दो लाख रुपये की बीमा धनराशि का चेक प्रदान किया।

प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में से एक है, जिसका उद्देश्य सामान्य परिवारों को कम प्रीमियम पर जीवन बीमा का सुरक्षा कवच उपलब्ध कराना है। योजना के माध्यम से बीमित व्यक्ति की मृत्यु की स्थिति में उसके नामित लाभार्थी को निर्धारित बीमा राशि प्रदान की जाती है, जिससे परिवार को विपरीत परिस्थितियों में आर्थिक सहायता मिल सके।
इण्डियन बैंक शाखा सदाशिव, इटियाथोक द्वारा आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए स्वर्गीय बृज किशोर तिवारी के बीमा दावे का निस्तारण किया गया और उनकी पत्नी श्रीमती पूनम तिवारी को दो लाख रुपये की बीमा राशि का चेक प्रदान किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि पात्र लोगों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराते हुए उनके दावों का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
-------------------------------------------------------------------------------------------
एलडीएम श्री विनोद तिवारी ने बताया कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के माध्यम से बैंक खाताधारकों को अत्यंत कम प्रीमियम पर जीवन बीमा सुरक्षा उपलब्ध होती है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे इस योजना सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्रता के अनुसार उनका लाभ अवश्य लें।
जनता दर्शन के दौरान प्राप्त यह सहायता स्वर्गीय बृज किशोर तिवारी के परिवार के लिए कठिन समय में आर्थिक संबल का माध्यम बनेगी। इस अवसर पर प्रशासन एवं बैंक के संबंधित अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।
