ओडिशा में बड़ा हादसा, महानदी में पलटी नाव; 2 लोगों की मौत और 7 अभी तक लापता

झारसुगुड़ा: ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले में महानदी में नौका पलटने से बड़ा हादसा हो गया। नाव में सवार 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 महिलाएं और 3 बच्चे अब भी लापता हैं। पुलिस ने बताया कि हादसे के दौरान नौका में पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ के खारसिया के रहने वाले करीब 50 लोग सवार थे, जो ओडिशा के बारगढ़ जिले के पथरसेनी कुडा स्थित मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह हादसा तब हुआ जब नाव झारसुगुड़ा जिले के रेनगली पुलिस थाना अंतर्गत शारदा घाट पहुंचने वाली थी। उन्होंने बताया कि स्थानीय मछुआरों ने 35 लोगों को बचा लिया और उन्हें किनारे पर ले आए।

अधिकारी ने बताया कि बाद में पुलिस और अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने 7 और लोगों को बचाया। उन्होंने बताया कि सात और लोग अब भी लापता हैं और उनकी तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है। उत्तरी रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) हिमांशु लाल ने बताया, ‘लापता लोगों में 4 महिलाएं और 3 बच्चे हैं। लापता अंतिम व्यक्ति का पता चलने तक खोज और बचाव अभियान जारी रहेगा।’ आईजी ने कहा कि 4 टीम का गठन किया गया है। 5 गोताखोरों के साथ पानी के भीतर तलाश करने में सक्षम दो कैमरों को खोज अभियान में तैनात किया गया है। लाल ने कहा कि ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल के कर्मियों को भी अभियान में लगाया गया है।

मुख्य सचिव पी के जेना और विशेष राहत आयुक्त (SRC) सत्यब्रत साहू भुवनेश्वर से बचाव और राहत अभियान की निगरानी कर रहे हैं। मंडलीय राजस्व आयुक्त (RDC), झारसुगुड़ा के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक नदी तट पर मौजूद हैं और अभियान की निगरानी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मृतकों के परिजनों के लिए 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि की घोषणा की है। घटनास्थल पर पहुंचे बरगढ़ के सांसद और वरिष्ठ भाजपा नेता सुरेश पुजारी ने आरोप लगाया, ‘नाव बिना वैध लाइसेंस के चल रही थी। इसे संबंधित अधिकारियों की ओर से फिटनेस सर्टिफिकेट नहीं दिया गया था। इस पर कोई जीवन रक्षक जैकेट आदि भी नहीं था।’

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया The Lucknow Tribune के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें... -------------------------
E-Paper