Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

कांवड़ यात्रियों को हेलमेट वितरित कर दिया गया सड़क सुरक्षा का संदेश

बरेली 23 अगस्त। मण्डलायुक्त शम्भु कुमार की अध्यक्षता में आज बरेली क्लब के समक्ष Central U.P. Chambers of Commerce & Industries के तत्वावधान में कांवड़ यात्रियों के लिए सड़क सुरक्षा जागरूकता का शुभारम्भ किया गया।

कार्यक्रम के दौरान मोटरसाइकिल से कांवड़ यात्रा पर जा रहे ऐसे लगभग 100 कांवड़ यात्रियों को हेलमेट वितरित किए गए, जो बिना हेलमेट के यात्रा कर रहे थे। हेलमेट पहनाकर उन्हें सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया तथा सुरक्षित यात्रा के लिए यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर आयुक्त द्वारा ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्र‌द्धालुओं की आस्था के साथ-साथ उनकी सुरक्षा भी सर्वोच्च प्राथमिकता है। दोपहिया वाहन से यात्रा करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनना चाहिए। हेलमेट केवल यातायात नियमों का पालन करने का माध्यम नहीं, बल्कि दुर्घटना की स्थिति में जीवन बचाने वाला महत्वपूर्ण सुरक्षा उपकरण है। उन्होंने कांवड़ यात्रियों से अपील की कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें, नशे की स्थिति में वाहन न चलाएँ, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें तथा यात्रा के दौरान धैर्य एवं सावधानी बरतें।

संभागीय परिवहन अधिकारी, बरेली द्वारा भी कांवड यात्रियों को “सुरक्षित यात्रा-सुरक्षित जीवन” का संदेश देते हुए अपील की गई कि सड़क पर स्वयं की सुरक्षा के साथ अन्य राहगीरों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा का भी ध्यान रखा जाए। यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग द्वारा कांवड़ यात्रा मार्गों पर सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु लगातार आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।

-------------------------------------------------------------------------------------------

कार्यक्रम में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी वैभव सोती, PTO रमेश प्रजापति, AKC Hyundai के अल्पित अग्रवाल, दिनेश मलिक, जगदीश मलिक सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का उ‌द्देश्य कांवड़ यात्रियों में हेलमेट के अनिवार्य प्रयोग, यातायात नियमों के पालन एवं सुरक्षित सड़क व्यवहार के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना रहा। उपस्थित अधिकारियों एवं आयोजकों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक सड़क उपयोगकर्ता की सामूहिक जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक (यातायात) मोहम्मद अकमल खान एवं संभागीय परिवहन अधिकारी, बरेली पंकज सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में, संस्था के अध्यक्ष राजीव सिंघल एवं सचिव शरद अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------