क्षेत्रीय अर्थशास्त्र विभाग महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय में रचनात्मक आलेख चित्र( चार्ट)प्रदर्शनी का आयोजन

बरेली,20 सितम्बर।क्षेत्रीय अर्थशास्त्र विभाग महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय बरेली में रचनात्मक आलेख चित्र (चार्ट ) प्रदर्शनी का आयोजन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर अनिल कुमार राय की अध्यक्षता में किया गया। प्रदर्शनी में क्षेत्रीय अर्थशास्त्र, वित्तीय अर्थशास्त्र तथा स्वास्थ्य अर्थशास्त्र के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने भारतीय अर्थव्यवस्था से जुड़े ज्वलंत विषयों जैसे – बढ़ती मुद्रास्फीति, बेरोजगारी, स्वास्थ्य सेवाओं की चुनौतियाँ, क्षेत्रीय विषमता, बैंकिंग प्रणाली एवं राजकोषीय नीति पर अत्यंत आकर्षक और ज्ञानवर्धक आलेख चित्र प्रस्तुत किए।

यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों के आंतरिक मूल्यांकन का एक महत्वपूर्ण भाग थी, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों ने न केवल अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया, बल्कि विषय का गहन ज्ञान भी अर्जित किया।
कार्यक्रम में निर्णायक के रूप में विभाग के वरिष्ठ प्राध्यापक सुबोध धवन एवं प्रो एम एल मौर्य उपस्थित रहे। उन्होंने सभी चित्रों का सूक्ष्म अवलोकन कर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
इस अवसर पर विभागाध्यक्ष प्रो. भोला खान प्रो. आशुतोष प्रिय, प्रो. अजीत सिंह, डॉ. रुचि द्विवेदी, डॉ. जानकी राजपूत एवं रिजवान कासिम उपस्थित रहे और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
-------------------------------------------------------------------------------------------
अंत में विभागाध्यक्ष ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में विश्लेषणात्मक और सृजनात्मक क्षमता का विकास करते हैं। विभाग में समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम होते रहेंगे। विभाग की ओर से विद्यार्थियो में नवीन ज्ञान सृजन करने की प्रक्रिया जारी रहेगी।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

