उत्तर प्रदेश

गोरखपुर में कुत्ते का आतंक, 15 गांवों में 40 लोगों को काटा; बच्चों को घरों में किया गया कैद

गोरखपुर: पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ और आसपास के इलाकों में तेंदुए की दहशत के बीच पूर्वी यूपी के गोरखपुर में एक कुत्ते ने लोगों की मुश्किल बढ़ा दी है। ऊरुवा और सिकरीगंज क्षेत्र के 15 गांवों में इस कुत्ते के हमले से अब तक 40 लोग घायल हो चुके हैं। इनमें से पांच लोगों की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। कुत्ते के आतंक से ग्रामीणों में दहशत है और लोगों ने बच्चों को घर से बाहर निकलने पर रोक लगा दी है।

रविवार को कुत्ते के हमले में घायल लोगों के अस्पताल पहुंचने का सिलसिला सुबह से देर शाम तक चलता रहा। ग्रामीणों का कहना है कि कुत्ता पागल हो गया है। उसे पकड़ने के लिए टीमें लगाई गई हैं, लेकिन देर शाम तक कुत्ता पकड़ में नहीं आ सका था।

एक के बाद एक गांव में हमला करता रहा कुत्ता

जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह सिकरीगंज निवासी प्रिया घर के सामने खेल रही थी। इसी दौरान कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। परिजनों ने किसी तरह उसे कुत्ते के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद कुत्ते ने सिकरीगंज में आठ लोगों को घायल किया।

वहां से निकलकर कुत्ता कुई बाजार पहुंचा और छह लोगों को काट लिया। इसके बाद असोजी बाजार में पांच लोगों पर हमला किया। ग्रामीण उसे पकड़ने और खदेड़ने की कोशिश करते रहे, लेकिन कुत्ता लगातार अलग-अलग इलाकों में लोगों को अपना शिकार बनाता रहा।

कुत्ते ने सतोरा, महुई, भैंसा रानी, विशुनपुरा, परसा खुर्द, उसरी, माननापर, ठाठी, पांडेयपुर, रसेत, बड़गो और उरुवा में भी कई लोगों को काटकर घायल कर दिया। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन देर शाम तक उसे पकड़ा नहीं जा सका था।

दहशत में ग्रामीण, बच्चों को घरों से निकलने पर रोक

-------------------------------------------------------------------------------------------

लगातार हो रहे हमलों के कारण ग्रामीणों में कुत्ते को लेकर डर बना हुआ है। लोगों का मानना है कि कुत्ता पागल हो गया है और जब तक उसे पकड़ा नहीं जाता, तब तक वह लोगों पर हमला करता रहेगा।

कुत्ते के आतंक का असर गांवों की दिनचर्या पर भी पड़ा है। दहशतजदा लोगों ने बच्चों को घरों में ही रोक दिया है। ग्रामीणों के बीच फिलहाल सबसे ज्यादा चर्चा इसी कुत्ते को लेकर हो रही है।

सुबह आठ बजे से अस्पताल पहुंचने लगे घायल

उरुवा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों के मुताबिक, रविवार सुबह करीब आठ बजे से कुत्ते के हमले में घायल लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। शाम करीब चार बजे तक लगातार लोग उपचार के लिए आते रहे। सुबह से शाम तक करीब 40 लोगों को एंटी रेबीज का इंजेक्शन लगाया गया।

गंभीर हालत वाले शैल, धनपत समेत पांच लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। अस्पताल कर्मचारियों के अनुसार, घायलों को एआरवी की डोज दी गई है, जबकि गंभीर मरीजों को इम्युनिटी इंजेक्शन लगाने की सलाह दी गई है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------