छह महीने में उतरा प्यार का बुखार, पति-बच्चों के पास लौटी अब प्रेमी से मांग रही खर्चा

गोरखपुर: गोरखपुर के खोराबार इलाके में एक अजब प्रेम की गजब कहानी सामने आई है। एक महिला को अपने पति के दोस्त से प्यार हो गया। प्यार का जुनून उसके सिर पर ऐसा चढ़ा कि अपने मासूम बच्चे और पति को छोड़कर प्रेमी संग एक कमरा किराया पर लेकर रहने लगी। लेकिन इस प्यार का अंत भी छह महीने में ही हो गया।

महिला अचानक एक दिन प्रेमी के घर से पति के पास आ गई और अब वह प्रेमी से छह महीने का खर्च मांग रही है। खर्च न देने पर उसने रेप का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। इसके बाद युवक भी पुलिस को आपबीती बताने को हाजिर हो गया। पुलिस की जांच में सच्चाई सामने आने पर महिला की काउंसलिंग कराई जा रही है।

दरअसल, जिस प्रेमी के साथ महिला ने घर बसाने का फैसला लिया था, उसकी शादी नहीं हुई है। दोस्त के घर आते-जाते युवक का कुछ दिनों पहले तक वह भईया कहकर बुलाने वाली दोस्त की पत्नी से प्रेम संबंध हो गया। मामला आगे बढ़ा और फिर महिला अपने पति और बच्चे को छोड़कर उसके साथ रहने भी चली गई। किराये का कमरा भी उसी मोहल्ले में लिया गया, जहां पति का घर था। छह महीने तक दोनों एक दूसरे के साथ रहे। समाज में भी प्रेमी उसे अपनी पत्नी कहने लगा।

मगर, अब महिला को प्रेमी पसंद नहीं है। छह महीने तक अच्छा लगने वाले युवक में अब उसको शराब पीने सहित तमाम बुराईयां नजर आने लगीं। ऐसे में महिला युवक का साथ छोड़कर पति के पास लौट आई। इसके बाद वह युवक से साथ रहने के दौरान हुए उसके खर्च का हिसाब मांगने लगी। इस पर कई बार पंचायत भी हुई।

मामला नहीं सुलझा तो प्रेमी को छोड़कर आने के पंद्रह दिन बाद ही महिला ने छह महीने में एक लाख रुपये खर्च होने का दावा करते हुए खोराबार थाने में तहरीर दे दी। पुलिस ने युवक को थाने पर बुलाया तो वह सीधे एसपी कार्यालय पहुंच गया। उसने अपनी बात बताई, इसके बाद एसपी सिटी ने पूरे प्रकरण की जांच एक दरोगा को सौंप दी।

जांच में साफ हो गया कि दोनों बालिग है और अपनी मर्जी से छह महीने साथ रहे। युवक ने महिला को झूठा केस न दर्ज कराने के लिए समझाया, नहीं मानने पर उसने भी अपने दो लाख रुपये खर्च होने का दावा करते हुए प्रार्थना पत्र दे दिया। अब अजब प्रेम की गजब कहानी में उलझी पुलिस काउंसलिंग की मदद से दोनों को अपने जीवन की नई शुरुआत करने की सलाह दे रही है।

एसपी सिटी, कृष्ण कुमार बिश्नोई ने कहा कि महिला और उसका प्रेमी एक साथ रहे थे। महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाया, जो जांच में फर्जी पाया गया है। किसी को भी दुष्कर्म जैसे गलत केस में नहीं फंसाया जा सकता। फिलहाल दोनों को समझाने की कोशिश की जा रही है।

बाहर भी घूमने गए थे दोनों
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों बाहर भी घूमने गए थे। इस दौरान पैसा किसका खर्च हुआ, यह तय कर पाना मुश्किल है। दूसरे पुलिस का यह काम भी नहीं है कि वह रुपये की पंचायत कर कराए। पुलिस दोनों पक्ष को समझा रही है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया The Lucknow Tribune के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें... -------------------------
E-Paper