बच्चों को नियमित स्कूल भेजें अभिभावक, अच्छी शिक्षा से ही मजबूत होगा भविष्य: प्रधानाध्यापक श्रवण कुमार सिंह


बच्चों को नियमित स्कूल भेजें अभिभावक, अच्छी शिक्षा से ही मजबूत होगा भविष्य: प्रधानाध्यापक श्रवण कुमार सिंह
गोंडा: शासन के निर्देशानुसार उच्च प्राथमिक विद्यालय बेलवा नोहर, परसपुर में आयोजित अभिभावक-अध्यापक बैठक में बच्चों की नियमित उपस्थिति और शैक्षिक गुणवत्ता को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्रवण कुमार सिंह ने अभिभावकों से बच्चों को प्रतिदिन विद्यालय भेजने की अपील करते हुए कहा कि नियमित पढ़ाई से ही उनकी शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार संभव है। उन्होंने कहा कि बच्चे भविष्य की नींव हैं और उन्हें अच्छी शिक्षा देकर भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान के योग्य बनाया जा सकता है।
बच्चों की प्रगति से लेकर निपुण आकलन तक हुई चर्चा
विज्ञान शिक्षक मनोज कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि बैठक में बच्चों की प्रगति आख्या पर उनके अभिभावकों के साथ चर्चा की गई। इसके अलावा डीबीटी के माध्यम से मिलने वाली धनराशि से ड्रेस, स्वेटर, जूता, मोजा और बैग आदि के क्रय के संबंध में भी अभिभावकों को जानकारी दी गई।
बैठक में बच्चों के निपुण आकलन, इको क्लब और मीना मंच से जुड़ी गतिविधियों के आयोजन पर भी चर्चा हुई। साथ ही इंस्पायर अवार्ड के लिए नामांकन कराने को लेकर अभिभावकों को जागरूक किया गया।
कमजोर बच्चों के लिए घर पर पढ़ाई का बेहतर माहौल बनाने पर जोर
बैठक के दौरान कमजोर अधिगम स्तर वाले बच्चों की पहचान कर उनके लिए घर पर अध्ययन का सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष चर्चा की गई। अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई में सहयोग करने और नियमित रूप से उनकी शैक्षिक गतिविधियों पर ध्यान देने की अपील की गई।
-------------------------------------------------------------------------------------------
इसके साथ ही बच्चों में अनुशासन, स्वच्छता, जीवन कौशल और सामाजिक व्यवहार विकसित करने में परिवार और विद्यालय की भूमिका पर भी विचार-विमर्श हुआ। लंबे समय से अनुपस्थित रहने वाले और नियमित विद्यालय नहीं आने वाले बच्चों को लेकर भी अभिभावकों से चर्चा की गई।
नियमित उपस्थिति वाले बच्चों के अभिभावक हुए सम्मानित
बैठक में सर्वाधिक उपस्थिति दर्ज कराने वाले बच्चों के अभिभावकों को पुरस्कृत किया गया। इस दौरान अभिभावकों ने बच्चों द्वारा बनाए गए मॉडल, विद्यालय पुस्तकालय और आईसीटी लैब का भी भ्रमण किया। उन्हें उन शैक्षिक संसाधनों की जानकारी दी गई, जिनके माध्यम से बच्चों को पढ़ाई कराई जा रही है।
विद्यालय की विभिन्न शैक्षिक योजनाओं की दी गई जानकारी
विद्यालय के शिक्षक महेश कुमार ने अभिभावकों को निपुण भारत मिशन, दीक्षा एप, ऑपरेशन कायाकल्प और शारदा कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी। इसके साथ ही समर्थ एप तथा बैकलेस डे के अवसर पर विद्यालय में आयोजित की जाने वाली गतिविधियों से भी अभिभावकों को अवगत कराया गया।
प्रधान प्रतिनिधि सुरेंद्र कुमार तिवारी ने अभिभावक-अध्यापक बैठक को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए विद्यालय में शैक्षिक गुणवत्ता को बनाए रखने पर जोर दिया। बैठक में अखिलेश कुमार, अखिलेश सिंह सहित सैकड़ों अभिभावक मौजूद रहे।

