राज्य

मंडला में युवक-युवती से मारपीट के बाद करंट लगाने का आरोप, इलाज के दौरान युवक की मौत; 3 गिरफ्तार

मंडला: मध्य प्रदेश के मंडला जिले के नैनपुर थाना क्षेत्र की पिंडरई चौकी अंतर्गत खिरसारू गांव में युवक-युवती के साथ मारपीट और बिजली के तार से करंट लगाने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। घटना में गंभीर रूप से घायल युवक अभिषेक धुर्वे की 16 सितंबर को नागपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक 26 अगस्त को नैनपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि खिरसारू गांव में एक युवक और युवती खेत में घायल अवस्था में पड़े हैं। दोनों के बीच करीब 100 से 200 मीटर की दूरी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को नैनपुर अस्पताल में भर्ती कराया।

युवती होश में थी और बयान दे रही थी, जबकि अभिषेक की हालत गंभीर होने के कारण वह ठीक से बयान नहीं दे पा रहा था। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे नागपुर रेफर किया गया, जहां 16 सितंबर को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

युवती से मिलने गांव आया था युवक

पुलिस जांच के अनुसार मृतक अभिषेक सिवनी जिले का रहने वाला था और युवती से मिलने खिरसारू गांव आया था। पुलिस के मुताबिक दोनों को गांव के कुछ लोगों ने एक साथ देख लिया था और उनके मिलने पर आपत्ति जताई थी।

आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने युवक-युवती के साथ मारपीट की और उन्हें बिजली के तार से बांधकर करंट लगाया। दोनों को गंभीर हालत में अलग-अलग स्थानों पर खेत में छोड़कर आरोपी वहां से चले गए।

जांच में सामने आई घटना की पूरी जानकारी

एडिशनल एसपी शिवकुमार वर्मा के अनुसार घटना के बाद युवती ने शुरुआती बयान में करंट लगाए जाने की बात बताई थी। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को घटना से जुड़े अन्य तथ्य मिले। पुलिस के मुताबिक बाद में युवती ने बताया कि तीन लोगों ने दोनों के साथ मारपीट की और उन्हें करंट लगाया था।

नागपुर में इलाज के दौरान अभिषेक की मौत

-------------------------------------------------------------------------------------------

गंभीर रूप से घायल अभिषेक को बेहतर इलाज के लिए नागपुर रेफर किया गया था। 16 सितंबर को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। एडिशनल एसपी के अनुसार चिकित्सकीय रिपोर्ट में मौत का कारण करंट लगना बताया गया है।

अभिषेक की मौत के बाद नैनपुर थाने में पहले से दर्ज मर्ग की जांच आगे बढ़ाई गई। पुलिस के मुताबिक जांच में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर 19 सितंबर को हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया।

तीन आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए

पुलिस ने चमरालाल उर्फ भूरा मरावी (56), लालसिंह उर्फ नरबद मरावी (27) और सुशील कुमार उर्फ शुक्लू मरावी (करीब 29-30 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में तीनों की घटना में संलिप्तता सामने आई। इसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

युवती का अस्पताल में इलाज जारी

पुलिस के अनुसार घटना के बाद युवती का परिवार उसका इलाज करा रहा था और उसे घर ले गया था। बाद में जांच के दौरान पुलिस को उसकी स्वास्थ्य स्थिति ठीक नहीं होने की जानकारी मिली। इसके बाद महिला पुलिस बल की मदद से युवती को नैनपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसका इलाज जारी है। पुलिस के मुताबिक मामले में तकनीकी साक्ष्यों, बयानों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की जांच जारी है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------