ये तो गजब हो गया: देश के प्रधानमंत्री का नाम नहीं बता सका दूल्हा, दुल्हन ने कम उम्र के देवर को बनाया पिया

शादियों की इस सीजन में अजब-गजब की खबरें सामने आ रही हैं। यूपी के गाजीपुर में हैरान करने वाली घटना घटी। दूल्हा प्रधानमंत्री का नाम नहीं बता पाया तो भड़की दुल्हन ने उसके साथ शादी मानने से इनकार कर दिया। दूल्हे के छोटे भाई से ही उसने सात फेरे लिए और उसे अपना पिया बना लिया। देवर दुल्हन से कम उम्र का है। इस अनोखी शादी का मामला कोतवाली से लेकर क्षेत्र के गांव-घर तक लोगों में चर्चा के केंद्र में है।

मामला करंडा थाना क्षेत्र के बसंत पट्टी गांव का है। 11 जून की रात सैदपुर क्षेत्र के नसीरपुर गांव से बरात आई थी। लड़के पक्ष का आरोप है कि असलहे के दम पर लड़की पक्ष ने दूल्हे के छोटे भाई से जबरदस्ती शादी करा दी। करीब छह माह पूर्व लड़की पक्ष की ओर से लड़के का तिलक चढ़ाया गया था।

इसके बाद 11 जून को बरात पहुंची। रात को शादी सभी रीति- रिवाज के साथ कराई गई। सुबह खिचड़ी की रस्म अदा की जा रही थी। इसी दौरान दूल्हे से उसकी सालियों ने उससे देश के प्रधानमंत्री का नाम पूछा। दूल्हां प्रधानमंत्री का नाम नहीं बता पाया। इस पर लड़की के परिजन लड़के को मंदबुद्धी करार कर दिए।

लड़के के पिता का आरोप है कि लड़की पक्ष के लोगों ने बड़े पुत्र को मंदबुद्धी बताते हुए असलहे के दम पर लड़की की शादी छोटे लड़के से करा दी। जबकि मेरा छोटा पुत्र अभी नाबालिग है। हम डर से उस शादी को मान्यता देकर बहू को लेकर घर आ गए। बताया कि शनिवार को अचानक लड़की पक्ष के लोग घर आ गए और बहू की विदाई के लिए दबाव बनाने लगे।

मना करने पर वह जबरदस्ती मेरी बहू को जाने लगे। पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद दोनों पक्षों को सैदपुर कोतवाली बुलाया गया। कोतवाल सैदपुर वंदना सिंह ने कहा कि लड़का पक्ष के लोग बुलाने पर कोतवाली आए। लड़की पक्ष के लोगों को बार-बार सूचना देने पर भी कोई नहीं आया। लड़की से बात होने पर ही विधिक कार्रवाई होगी।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया The Lucknow Tribune के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें... -------------------------
E-Paper