50 की उम्र में भी दिखना है जवां तो डाइट में शामिल करें ये 5 चीजें, बढ़ती उम्र के असर को कम करने में मिल सकती है मदद
नई दिल्ली: उम्र बढ़ना एक प्राकृतिक प्रक्रिया है, जिसे रोका नहीं जा सकता। 40 और 50 की उम्र के आसपास चेहरे पर झुर्रियां, बालों का सफेद होना, बार-बार बीमार पड़ना और नजर कमजोर होने जैसे बदलाव दिखाई देने लगते हैं। हालांकि आजकल की सुस्त जीवनशैली और खराब खान-पान के कारण युवाओं में भी समय से पहले उम्र बढ़ने के लक्षण देखने को मिल रहे हैं।
अगर आप बढ़ती उम्र के असर को कम करना चाहते हैं और 50 की उम्र में भी खुद को जवां बनाए रखना चाहते हैं तो डाइट पर ध्यान देना जरूरी है। फेमस न्यूट्रिशनिस्ट लवनीत बत्रा ने ऐसे कुछ खाद्य पदार्थों के बारे में बताया है, जिन्हें एंटी-एजिंग फूड्स के तौर पर डाइट में शामिल किया जा सकता है।

पपीता
पपीते में पपैन नामक एंजाइम पाया जाता है, जो बढ़ती उम्र के लक्षणों को रोकने में सहायक माना जाता है। यह फल लाइकोपीन जैसे एंटीऑक्सीडेंट से भी भरपूर होता है। लाइकोपीन उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को धीमा करने में मदद कर सकता है।
अनार
अनार में पुनिकालगिन्स नामक एक यौगिक पाया जाता है। यह त्वचा में कोलेजन बढ़ाने और बढ़ती उम्र के लक्षणों को धीमा करने में मदद कर सकता है। डाइट में अनार को शामिल किया जा सकता है और रोजाना इसका जूस भी पिया जा सकता है।
दही
-------------------------------------------------------------------------------------------
दही में प्रोबायोटिक्स मौजूद होते हैं, जो आंत में अच्छे बैक्टीरिया को बढ़ाने में मदद करते हैं। इसमें मौजूद लैक्टिक एसिड त्वचा को सुंदर और मजबूत बनाने में सहायक माना जाता है। दही राइबोफ्लेविन और विटामिन बी12 से भी भरपूर होता है, जो त्वचा को चमकदार और हाइड्रेटेड रखने में मदद कर सकता है।
हरी पत्तेदार सब्जियां
हरी पत्तेदार सब्जियों में क्लोरोफिल पाया जाता है। यह त्वचा में कोलेजन बढ़ाने और चेहरे पर दिखाई देने वाले बढ़ती उम्र के लक्षणों को कम करने में मदद कर सकता है। हरी पत्तेदार सब्जियों में त्वचा के लिए जरूरी कई पोषक तत्व भी पाए जाते हैं।
टमाटर
टमाटर में लाइकोपीन की अच्छी मात्रा मौजूद होती है, जो त्वचा को सूर्य की किरणों से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद करता है। इसके अलावा टमाटर विटामिन सी का भी अच्छा स्रोत है। विटामिन सी शरीर में कोलेजन के उत्पादन को बढ़ाने में मदद करता है।

