मनोरंजन

Dhurandhar 2 Teaser: पुराना एक्शन, पुराने सीन… ‘धुरंधर: द रिवेंज’ का टीजर क्यों नहीं जीत पाया दर्शकों का दिल?

नई दिल्ली। “तुम तो धोखेबाज़ हो, वादा करके भूल जाते हो…” यह लाइन रणवीर सिंह की स्पाई थ्रिलर धुरंधर 2 के टीजर पर सोशल मीडिया यूजर्स बिल्कुल सटीक बैठा रहे हैं। 5 दिसंबर को थिएटर्स में रिलीज हुई फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त चर्चा बटोरी थी। इसके बाद नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होने के साथ ही फिल्म ट्रेंड में आ गई और प्लेटफॉर्म पर नंबर-1 तक पहुंची। ऐसे में इसके सीक्वल के टीजर से दर्शकों की उम्मीदें काफी ज्यादा थीं।

उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा टीजर
मेकर्स की ओर से पहले ही ऐलान कर दिया गया था कि 3 फरवरी को दोपहर 12:12 बजे धुरंधर 2 का टीजर रिलीज किया जाएगा। तय समय पर टीजर सामने भी आ गया, लेकिन दर्शकों को इसमें वो ताजगी नहीं दिखी जिसकी उन्हें उम्मीद थी। रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर टीजर को लेकर नाराजगी दिखने लगी और देखते ही देखते यह ट्रोलिंग का शिकार हो गया।

टीजर देखकर क्या हुआ साफ?
टीजर से इतना जरूर साफ हो गया है कि धुरंधर 2 पहले पार्ट के मुकाबले ज्यादा ब्रुटल और डार्क होने वाली है। हालांकि फिल्म को लेकर बनी भारी-भरकम हाइप के सामने टीजर कमजोर साबित हुआ। वजह यह रही कि टीजर में दिखाए गए ज्यादातर सीन पहले पार्ट से ही लिए गए नजर आए। कई दर्शकों को यह पोस्ट-क्रेडिट सीन का एक्सटेंडेड वर्जन लगा, जिसमें सिर्फ बैकग्राउंड म्यूजिक और वायलेंस बढ़ा दिया गया हो।

रणवीर सिंह पर पूरा फोकस
टीजर में कहानी का केंद्र पूरी तरह रणवीर सिंह का किरदार है, जो ल्यारी पर अपना कब्जा जमाने की मंशा रखता दिखता है। रहमान डकैत की झलक इस टीजर में कहीं नजर नहीं आती। इसकी जगह रणवीर सिंह का किरदार पूरी तरह हावी दिखाया गया है। संकेत साफ हैं कि अब ल्यारी पर हम्जा का राज होने वाला है, लेकिन आगे की कहानी को लेकर मेकर्स ने कोई बड़ा हिंट नहीं दिया।

सोशल मीडिया पर शुरू हुई ट्रोलिंग
लंबे इंतजार के बाद टीजर देखने वाले दर्शकों को जब कुछ नया नहीं मिला तो गुस्सा सोशल मीडिया पर फूट पड़ा। एक यूजर ने लिखा, “ओए चूना लगा दिया, ये तो मूवी का लास्ट सीन ही टीजर बना दिया।” दूसरे ने कमेंट किया, “हमें कुछ नया चाहिए था, ये सब तो पहले ही देख चुके हैं।” वहीं एक यूजर ने लिखा, “Everyone to Aditya Dhar – डार्लिंग-डार्लिंग दिल क्यों तोड़ा।”

फनी कमेंट्स की बाढ़
ट्रोलिंग यहीं नहीं रुकी। किसी ने लिखा, “जो थिएटर में दिखाया था वही फिर दिखा दिया।” तो किसी ने कहा, “स्कैम कर दिया रे स्कैम।” एक यूजर ने तो सीधे लिखा, “गद्दारी करबे।” कुल मिलाकर टीजर को लेकर दर्शकों की प्रतिक्रिया बेहद तीखी रही। हालांकि मेकर्स की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है और आगे की कहानी को लेकर सस्पेंस बरकरार रखा गया है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------