Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

UP Weather Today: यूपी में बदला मौसम का मिजाज, 12 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट, कहीं धूप तो कहीं ओलावृष्टि की आशंका

लखनऊ। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग मौसम विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर प्रदेश में आज 18 फरवरी को मौसम ने करवट ले ली है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राज्य के पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की स्थिति बन रही है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। हालांकि, पूर्वी और मध्य यूपी में धूप खिली हुई है और तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि बारिश के बाद प्रदेश में धीरे-धीरे तापमान और बढ़ेगा, जिससे सर्दी का असर खत्म होने लगेगा।

पश्चिमी यूपी में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
IMD और लखनऊ मौसम केंद्र के मुताबिक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज बादल छाए रहेंगे और मौसम अस्थिर बना रहेगा। नोएडा, गाजियाबाद, बुलंदशहर, बागपत, हापुड़, आगरा, मथुरा, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर और मेरठ में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, बूंदाबांदी और कहीं-कहीं आकाशीय बिजली गिरने का खतरा है। दिल्ली-NCR से सटे इलाकों में भी इसी तरह का मौसम रहने की संभावना है, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

नोएडा में कैसा रहेगा आज का मौसम
नोएडा में दिनभर बादल छाए रहने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी के आसार बने हुए हैं। अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा से 9 से 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। नमी का स्तर 80 से 85 प्रतिशत तक रह सकता है। वायु गुणवत्ता सूचकांक फिलहाल मध्यम श्रेणी में है, हालांकि बारिश के बाद प्रदूषण में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

-------------------------------------------------------------------------------------------

पूर्वी यूपी में धूप, बढ़ता तापमान
पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में मौसम अपेक्षाकृत साफ बना हुआ है। लखनऊ में दिनभर धूप खिली रहेगी और हल्की गर्मी का एहसास होगा। अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। प्रयागराज में भी मौसम शुष्क रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है, जहां पारा 30 डिग्री सेल्सियस के करीब जा सकता है। वहीं वाराणसी में हल्के बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना बेहद कम है। सुबह और शाम हल्की ठंडक रहेगी, जबकि दोपहर में गर्माहट महसूस होगी।

19 फरवरी से और चढ़ेगा पारा
मौसम विभाग के अनुसार 19 फरवरी से प्रदेश में तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। नोएडा में अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि लखनऊ में पारा 29/14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। विशेषज्ञों का कहना है कि पूरे प्रदेश में अब धीरे-धीरे गर्मी का असर बढ़ेगा और सर्दी लगभग विदा हो जाएगी। पश्चिमी यूपी और NCR क्षेत्र में यात्रा करने वालों को मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है, जबकि पूर्वी यूपी में लोग धूप का आनंद ले सकते हैं।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------