उत्तर प्रदेशराज्य

विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण: स्वतंत्र देव सिंह

 

लखनऊ: 28 मार्च, 2026

उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री श्री स्वतंत्र देव सिंह ने आज यहां गोमतीनगर स्थित भागीदारी भवन में आयोजित ‘युवा संसद-2026’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। ‘UCC (समान नागरिक संहिता) एवं विकसित भारत’ विषय पर केंद्रित इस आयोजन में उन्होंने प्रदेश भर से आए युवाओं को संबोधित करते हुए राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी और नीतिगत समझ के महत्व पर बल दिया।

जलशक्ति मंत्री ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के ‘विकसित भारत – 2047’ के विजन को साकार करने में युवा पीढ़ी की शक्ति और सोच सबसे बड़ा आधार है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का अर्थ केवल आर्थिक समृद्धि नहीं है, बल्कि ये समान अवसर, न्यायपूर्ण व्यवस्था और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने समान नागरिक संहिता (UCC) के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सामाजिक समरसता और कानूनी एकरूपता एक सशक्त राष्ट्र की नींव होती है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे देश की लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को समझें और नेतृत्व कौशल विकसित कर राष्ट्रीय नीतियों में अपना योगदान दें।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को देश के ज्वलंत नीतिगत मुद्दों से जोड़ना और 2047 तक भारत को विकसित बनाने के लक्ष्य के प्रति जागरूक करना। यह ‘युवा संसद’ युवाओं को एक ऐसा मंच प्रदान करती है जहाँ वे विधायी कामकाज, सार्वजनिक बहस और नेतृत्व की बारीकियों को सीख सकें। कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने भी उत्साहपूर्वक अपने विचार रखे और राष्ट्र के भविष्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।

---------------------------------------------------------------------------------------------------