Friday, April 10, 2026
Latest:
Featured NewsTop Newsउत्तर प्रदेश

गोंडा में जीपीएस-6 रात्रिकालीन क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य आगाज़, अखिलेश यादव ने वर्चुअल उद्घाटन कर स्टेडियम निर्माण का किया ऐलान

गोंडा के जिगर इंटर कॉलेज मैदान में स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव ‘नेताजी’ जीपीएस-6 रात्रिकालीन क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पार्टी के प्रदेश कार्यालय से वर्चुअल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। उद्घाटन के दौरान उन्होंने आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए भविष्य में खेल सुविधाओं को बढ़ाने का भरोसा भी दिया।

आयोजकों को बधाई, स्टेडियम निर्माण का वादा

उद्घाटन समारोह में अखिलेश यादव ने नगर अध्यक्ष मतीन सिद्दीकी और सभासद फहीम सिद्दीकी की सराहना करते हुए कहा कि गोंडा में इस तरह के टूर्नामेंट खेल प्रतिभाओं को मंच देते हैं। उन्होंने घोषणा की कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर गोंडा में स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा।

नेताओं और खेल प्रेमियों की रही मौजूदगी

इस मौके पर पूर्व मंत्री राकेश कुमार वर्मा, आश्रय गुप्ता, अरशद हुसैन, शकील नदवी, मुनीर अहमद, मसूद आलम खान, बैजनाथ दुबे, सूरज सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और खेल प्रेमी मौजूद रहे। आयोजन स्थल पर उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।

पहले मुकाबले में फाइन फर्नीचर्स की जीत

टूर्नामेंट के पहले दिन गोंडा प्रीमियर लीग सीजन-6 का पहला मुकाबला शेर अवध हलदरमऊ और फाइन फर्नीचर्स गोंडा के बीच खेला गया। टॉस जीतकर फाइन फर्नीचर्स ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। हलदरमऊ की टीम ने निर्धारित 10 ओवर में 124 रन बनाए, जिसे फाइन फर्नीचर्स ने 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस मुकाबले में शानदार प्रदर्शन के लिए शान को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

दूसरे मैच में जनता मेडिकल की एकतरफा जीत

दूसरे मुकाबले में रॉयल ग्रुप और न्यू जनता मेडिकल आमने-सामने थे। पहले बल्लेबाजी करते हुए जनता मेडिकल ने 10 ओवर में 139 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में रॉयल ग्रुप की टीम 8 विकेट खोकर केवल 89 रन ही बना सकी। जनता मेडिकल ने 56 रनों से जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। इस मैच में सूरज शर्मा को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

क्वार्टर फाइनल में साद खान का दमदार प्रदर्शन

दिन का तीसरा मुकाबला और पहला क्वार्टर फाइनल फाइन फर्नीचर्स और न्यू जनता मेडिकल के बीच खेला गया। जनता मेडिकल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। सटीक गेंदबाजी के चलते फाइन फर्नीचर्स की टीम 76 रन पर सिमट गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जनता मेडिकल की टीम ने सीनियर खिलाड़ी साद खान के शानदार अर्धशतक की बदौलत 6 विकेट से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। साद खान को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------