उत्तर प्रदेशराज्य

महात्मा ज्योतिबा फुले जी की 199वीं जयंती पर विश्वविद्यालय में हर्षोल्लास एवं श्रद्धापूर्वक मनाया गया समारोह

बरेली,11अप्रैल। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली में महान समाज सुधारक, विचारक एवं क्रांतिकारी विभूति महात्मा ज्योतिबा फुले जी की 199वीं जयंती बड़े ही हर्षोल्लास एवं श्रद्धापूर्वक मनाई गई। यह आयोजन विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रोफेसर के.पी. सिंह जी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।

समारोह की शुरुआत विश्वविद्यालय परिसर स्थित महात्मा ज्योतिबा फुले जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित करके की गई। इस अवसर पर माननीय कुलपति प्रोफेसर के.पी. सिंह जी, कुलसचिव श्री हरीश चंद जी एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने फुले जी के चित्र एवं प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया। यह पूरा कार्यक्रम महात्मा ज्योतिबा फुले शोधपीठ के तत्वावधान में एवं डॉ. सुरेश कुमार के कुशल मार्गदर्शन एवं देखरेख में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर माननीय कुलपति प्रोफेसर के.पी. सिंह जी ने कहा:

“महात्मा ज्योतिबा फुले केवल एक नाम नहीं, बल्कि एक विचारधारा हैं – जो समता, मानवता और ज्ञान की सार्वभौमिकता पर आधारित है। उन्होंने शिक्षा के माध्यम से समाज के उपेक्षित वर्गों को सशक्त बनाने का जो बीज बोया, वह आज पूरे देश में वटवृक्ष बन चुका है। उनका पूरा जीवन हमें सिखाता है कि सच्ची शिक्षा का उद्देश्य मनुष्य को जागरूक, स्वाभिमानी एवं दूसरों के अधिकारों के प्रति संवेदनशील बनाना है। यह विश्वविद्यालय उन्हीं के मूल्यों को आगे बढ़ाने का एक सार्थक प्रयास है। मैं सभी शिक्षकों, छात्रों और कर्मचारियों से आह्वान करता हूँ कि हम फुले जी के विचारों को अपने जीवन और शैक्षणिक कार्यों में उतारें और एक समतापूर्ण, न्यायसंगत समाज के निर्माण में अपना योगदान दें।”

इस अवसर पर रूटा टीचर एसोसिएशन परिसर के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार सिंह, प्रोफेसर सलीम खान, श्री सुधाकर मौर्य सहित विश्वविद्यालय के अन्य शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने महात्मा ज्योतिबा फुले के आदर्शों पर चलने एवं उनके योगदान को याद रखने का संकल्प लिया।

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------