मा0 विधायक एवं जिलाधिकारी ने कांवड़ यात्रियों के लिए नवाबगंज मंडी में बना ‘कांवड़ विलेज’,का फीता काटकर किया उद्घाटन

बरेली, 01 अगस्त। मा0 विधायक नवाबगंज डाॅ0 एम0पी0 आर्य एवं जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तहसील नवाबगंज स्थित उप मंडी परिसर में स्थापित ‘कांवड़ विलेज’ का उद्घाटन फीता काटकर किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ विलेज में कांवड़ यात्रियों के स्वागत द्वार , विश्राम गृह, पंचकर्म सुविधा, पूजा स्थल, कांवड़ स्टैंड, फलाहार , भंडारा, सेल्फी प्वाइंट, पुष्प वर्षा द्वार सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को ऐसा वातावरण उपलब्ध कराया गया है, जिससे उन्हें घर जैसी सुविधाओं का अनुभव हो। सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए पूरे परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कांवड़ विलेज का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता एवं आवश्यक सेवाओं के निर्बाध संचालन के निर्देश दिए। उन्होंने इसे तहसील प्रशासन का एक अभिनव एवं सराहनीय प्रयास बताया।

उक्त के उपरांत जिलाधिकारी ने डेलापीर मण्डी परिसर स्थित श्री बाबा गोपेश्वर नाथ मंदिर में कांवड़ियों, श्रद्धालुओं एवं आम जनमानस की सुविधा के लिए स्थापित आर0ओ0 वाटर कूलर का फीता काटकर उद्घाटन किया। परिसर में स्थित शिव मंदिर में विधि विधानपूर्वक पूजा-अर्चना कर जनकल्याण एवं जनपद की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी नवाबगंज सचिन यादव, मण्डी सचिव संतोष कुमार सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
