श्रीराम मूर्ति मेमोरियल इंटर स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट सीजन टू: दूसरा दिन

बरेली,22अप्रैल।श्रीराम मूर्ति मेमोरियल इंटर स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट सीजन टू के दूसरे दिन बुधवार को एसआर इंटरनेशनल स्कूल, चाइल्ड केयर बिशप कोनराड स्कूल, हार्टमैन कॉलेज और आर्मी पब्लिक स्कूल जूनियर विंग ने जीत कर क्वार्टर फाइनल में स्थान सुरक्षित किया। डीपीएस, सोबती पब्लिक स्कूल, कृष्णा पब्लिक स्कूल और आर्मी पब्लिक स्कूल सीनियर विंग मंगलवार को ही अपने मुकाबले जीतकर क्वार्टर फाइनल में स्थान सुरक्षित कर चुके हैं। चारों क्वार्टर फाइनल मैच गुरुवार को खेले जाएंगे।
श्रीराम मूर्ति मेमोरियल इंटर स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट सीजन टू का चौथा मैच सुबह 08.00 बजे फुटबॉल स्टेडियम में आरंभ हुआ। ग्रुप बी के इस मैच में एसआर इंटरनेशनल स्कूल और बेदी इंटरनेशनल स्कूल की टीमें आमने सामने थीं। बेदी के तेगप्रीत सिंह ने 5.37 मिनट में गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिलाई, लेकिन एसआर इंटरनेशनल के हमजा ने 8वें मिनट में गोल कर मैच को बराबरी पर ला दिया। हमजा ने 14वें और 28वें मिनट में गोल कर अपनी टीम 3-1 से बढ़त दिलाई। लेकिन बेदी के तेगप्रीत सिंह ने 29.37 मिनट में गोल कर बढ़त को कम किया। एसआर के वाहिद ने 49वें मिनट में गोल कर टीम को 2 के मुकाबले 4 गोल पर पहुंचाया। यह बढ़त अंत तक कायम रही और एसआर ने 2 के मुकाबले 4 गोल से मैच जीत लिय़ा।
टूर्नामेंट का पांचवां मैच चाइल्ड केयर बिशप कोनराड स्कूल और विद्या वर्ल्ड स्कूल विंग के बीच हुआ। निर्धारित समय तक दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं। टाईब्रेकर में पहुंचे मैच में चाइल्ड केयर ने 3 और विद्या वर्ल्ड ने 2 गोल किए। नतीजा चाइल्ड केयर बिशप कोनराड ने 3-2 से मैच जीत लिया। टूर्नामेंट का छठा मैच सेक्रेड हार्ट्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल और हार्टमैन कॉलेज के बीच हुआ। हार्टमैन के काव्यांश खन्ना ने 11वें मिनट में गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। महद खान ने 38वें मिनट और अभिषेक आहूजा ने 39वें मिनट में 1-1 गोल कर बढ़त को 3-0 कर दिया। सेक्रेड हार्ट की टीम कोई गोल नहीं कर सकी और 3-0 से मुकाबला अपने नाम किया। टूर्नामेंट का सातवां मैच आर्मी पब्लिक स्कूल जूनियर विंग और जीआरएम स्कूल के बीच खेला गया। इसमें आर्मी पब्लिक स्कूल जूनियर विंग ने 2-0 गोल से जीआरएम पर जीत हासिल की। एपीएस की ओर से तन्मय और आदर्श ने 1-1 गोल किए। बरेली जिला फुटबॉल संघ के सचिव मून रॉबिन्सन, अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी एवं कोच नसीम अख्तर खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया। बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

