Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

श्रीराम मूर्ति मेमोरियल इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन सेवन 2026 का आठवां दिन

बरेली,22अप्रैल। श्रीराम मूर्ति मेमोरियल इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन सेवन के आठवें दिन बुधवार को एसआर इंटरनेशनल और नेशनल पब्लिक स्कूल के बीच पहला और गिरीश प्रसाद मेमोरियल (जीपीएम) और विद्या वर्ल्ड के बीच दूसरा क्वार्टर फाइनल मैच हुआ। पहले क्वार्टर फाइनल एसआर इंटरनेशनल ने नेशनल पब्लिक स्कूल को 6 विकेट से हराकर सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया। जबकि दूसरे क्वार्टर फाइनल मैच में जीपीएम को 131 रन से हराकर विद्या वर्ल्ड की टीम ने सेमीफाइनल के लिए स्थान सुरक्षित किया।

एसआरएमएस कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (सीईटी) की ओर से आयोजित और बरेली क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा मान्यता प्राप्त श्रीराम मूर्ति मेमोरियल इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन सेवन के आठवें दिन बुधवार को टूर्नामेंट का 15वें और पहले क्वार्टर फाइनल में एसआर इंटरनेशनल स्कूल के कप्तान अभिमन्यु श्रीवास्तव ने टॉस जीत कर नेशनल पब्लिक स्कूल को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। एसआर की गेंदबाजी के आगे नेशनल पब्लिक स्कूल की टीम 9.4 ओवर में 66 रन ही बना सकी। एसआर की ओर से शिवांश गंगवार और अक्षत ने 3-3 विकेट लेकर नेशनल की टीम को बिखेरने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एसआर की टीम ने 8.3 ओवर में जीत का हासिल कर लिया। टीम को जीत के लक्ष्य तक पहुंचाने में अभिमन्यु (16 रन, 16 गेंद, 2 चौके), शीर्ष (14 रन, 12 गेंद, 2 चौके) और अरहान यादव (15 रन, 8 गेंद, 3 चौके) ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। तीन ओवर में नेशनल पब्लिक स्कूल के 3 विकेट लेने वाले एसआर इंटरनेशनल के गेंदबाज अक्षत को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

टूर्नामेंट के 16वें और दूसरे क्वार्टर फाइनल मैच विद्या वर्ल्ड और गिरीश प्रसाद मेमोरियल (जीपीएम) की टीमों के बीच खेला गया। इसमें विद्या वर्ल्ड के कप्तान अभिमन्यु जावला ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम ने 19.1 ओवर में सारे विकेट खोकर 199 रन बनाए। इसमें अंकित नागर (25 रन, 16 गेंद, 1 चौका, 2 छक्के), अभय सक्सेना (72 रन, 38 गेंद, 11 चौके, 2 छक्के), लकी चौधरी (25 रन, 16 गेंद, 3 चौके), शिवांश मिश्रा (27 रन, 14 गेंद, 4 चौके) और अतिरिक्त के रूप में मिले 26 रनों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। जीत के लिए बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी जीपीएम की टीम ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन बल्लेबाजों के न चलने और अच्छी साझेदारी के अभाव में 15.5 ओवर में सिर्फ 68 रन ही बना सकी। इसमें गर्वराज (19 रन, 26 गेंद, 3 चौके), जयंत तोमर (15 रन, 19 गेंद, 1 चौका, 1 छक्का) ही दहाई के अंक तक पहुंच सके। जीपीएम के स्कोर को बढ़ाने में अतिरिक्त के रूप में मिले 12 रनों ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। 4 ओवर में मात्र 15 रन देकर जीपीएम के 6 खिलाड़ियों को आउट करने वाले विद्या वर्ल्ड के शिवांश श्रीवास्तव को मैन आफ द मैच चुना गया। टूर्नामेंट के ऑर्गनाइजिंग कमेटी के सेक्रेटरी डा.शोभित सक्सेना और डिप्टी सेक्रेटरी इंजीनियर निपुण पांडेय, मनीष सिंह ने मैन ऑफ द मैच की ट्रॉफी प्रदान की।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की

---------------------------------------------------------------------------------------------------